अलवर शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र के विवेकानंद नगर में शुक्रवार सुबह जनरल स्टोर पर सामान लेने गए नगर परिषद के 95 वर्षीय पूर्व पार्षद शिवलाल मीणा की गिरने से मौत हो गई। सामान लेते वक्त अचानक पैर फिसलने से उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे ब्रेन हेमरेज हो गया। इलाज के दौरान अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। सैटेलाइट अस्पताल से जिला अस्पताल किया था रेफर परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह शिवलाल मीणा घर के पास ही एक जनरल स्टोर पर सामान लेने निकले थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर जा गिरे। गिरने से उनके सिर में गहरा घाव हो गया। परिजन उन्हें तुरंत सैटेलाइट अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। 1970 में चुने गए थे पार्षद, मूलतः नयाबास के रहने वाले थे मृतक के दामाद ने बताया कि शिवलाल मीणा वर्ष 1970 के आसपास ईश्वरीलाल सैनी के अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान नगर परिषद के पार्षद चुने गए थे। वे मूल रूप से अलवर के नयाबास क्षेत्र के निवासी थे और वहीं से पार्षद निर्वाचित होकर जनसेवा की थी।
