डूंगरपुर में वरदा थाना पुलिस ने लूटपाट के मामले में 2 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने चाकू की नोंक पर लूटपाट की 2 वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वही आरोपियों से लूट का माल भी बरामद किया है। वरदा थानाधिकारी देवेंद्रसिंह राव ने बताया कि सागवाड़ा पुनर्वास कॉलोनी निवासी यमन दवे ने वरदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया था कि 2 सितम्बर की रात यमन और उसका साथी पंकज सागवाड़ा जाने के लिए डूंगरपुर बस स्टैंड के पास माथुगामडा मोड़ पर वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की ईको गाड़ी आकर रुकी। गाड़ी चालक ने सवारी बैठाने की बात कही, जिस पर यमन और पंकज गाड़ी में सवार हो गए। डोजा मोड़ के पास चालक ने गाड़ी को मुख्य हाईवे से हटाकर दोवड़ा रोड की तरफ सुनसान इलाके में ले जाकर रोक दिया। चाकू दिखाकर की थी मारपीट
गाड़ी रुकते ही चालकों व उसमें सवार बदमाशों ने चाकू निकालकर मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देकर यमन और पंकज से उनके महंगे मोबाइल, पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और नकद राशि लूटकर फरार हो गए। थानाधिकारी देवेन्द्रसिंह राव के नेतृत्व में टीम ने वागदरी निवासी अरविन्द कुमार कनिपा, कल्याणपुर उदयपुर निवासी ललित उर्फ लाला और सुभाष उर्फ बादशाह को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों ने अपने साथियों के नाम भी बताए।। जिस पर पुलिस ने फरार आरोपियों की भी तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी सतीश कटारा (22) निवासी मानपुर ओर आशीष परमार (24) निवासी ढेलाना पाडवा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में ईको कार को भी जब्त किया है। वही आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
