बूंदी के नमाना क्षेत्र के सिलोर निवासी महिला की डिलीवरी के दौरान मौत पर परिजनों ने बूंदी अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने शुक्रवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर 5 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो शांतिपूर्ण धरना दिया जाएगा। मृतक महिला का वर्षा सैन के पति हनुमान सैन कुशवाह ने बताया कि वर्षा को जिला शिशु चिकित्सालय में डिलीवरी के लिए भर्ती कराया गया था। उन्होंने डॉक्टर चंद्रेश मीणा पर लापरवाही का आरोप लगाया है। हनुमान सैन के मुताबिक डिलीवरी के तुरंत बाद वर्षा के दिल में दर्द शुरू हो गया और यूरिन बंद हो गया। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें कोटा रेफर किया गया। कोटा हार्ट अस्पताल में उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बूंदी अस्पताल लाया गया। परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर 4 घंटे तक प्रदर्शन किया था। तब प्रशासनिक अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।