सीकर। पंचायती राज चुनाव में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा का परिवार सुर्खियों में है। बुधवार को उनके बड़े बेटे दुर्गा सिंह खर्रा की ओर से श्रीमाधोपुर पंचायत समिति सदस्य के लिए निर्दलीय नामांकन भरने की चर्चा अभी सियासी गलियारों में घूम रही थी। इसी बीच गुरुवार को खर्रा के भाई महावीर सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह की भी भाजपा से टिकट कट गई। उन्होंने जिला परिषद के वार्ड नंबर 23 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दा​खिल किया था। गुरुवार को देर शाम को भाजपा ने प्रत्याशियों की सूची जारी कि तो उनका नाम नदारद मिला। पार्टी ने उनकी जगह सुंदरी देवी को अपना उम्मीदवार चुना है। टिकट को लेकर हुई इस रस्सा-कस्सी को लेकर दिनभर तरह-तरह की चर्चाओं का दौर जारी रहा।