चूरू में श्रीबालाजी और बाबोसा भगवान के नए बने मंदिर का गुरुवार को उद्घाटन हुआ। इस मौके पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। परम आराधिका मंजू बाईसा ने मंदिर का लोकार्पण किया। इसके बाद भगवान के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में होड़ मच गई। मंदिर के मुख्य ट्रस्टी प्रकाश कोठारी ने मंदिर निर्माण और दर्शन व्यवस्था बताई। उन्होंने जिला प्रशासन और प्रतिनिधियों को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। विधायक हरलाल सहारण, सभापति विनय गोयनका, भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, पूर्व सभापति गोविंद महनसरिया और पार्षदों ने इसे चूरू के लिए नई सौगात बताया। समारोह से पहले मंदिर के सामने मेला लगा रहा। देश-विदेश से श्रद्धालु तीन-चार दिन पहले ही आने लगे थे। लोकार्पण के दौरान मंजू बाईसा ने जैसे ही पर्दा हटाया, श्रद्धालु भगवान की एक झलक पाने को बेताब दिखे। भीड़ के कारण श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर बाबोसा महाराज के दर्शन किए। कोठारी ने अतिथियों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया। भारत पारीक, विनोद राठी, पंकज सैनी, रवींद्र लाटा, उत्तम पारीक, चंद्रप्रकाश शर्मा, चिराग शर्मा, पीयूष लाटा और विशाल शर्मा ने सेवाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन रवि दधीच और अजय बेद ने किया।
