भाजपा के कठूमर विधायक रमेश खींची की पुत्रवधू दीपिका का नाम एक ही विधानसभा क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों की निर्वाचक नामावलियों में दर्ज होने का मामला सामने आया है। इनमें दो नगर पालिका क्षेत्र और एक ग्राम पंचायत शामिल है। भरतपुर सांसद संजना जाटव ने मीडिया से बातचीत के दौरान संबंधित मतदाता सूचियां जारी करते हुए यह मामला उठाया। तीनों सूचियां एसआईआर के बाद वर्ष 2026 की बताई गई हैं। संजना जाटव ने कहा कि हम लगातार वोट चोरी और एसआईआर के मुद्दे को उठा रहे हैं, लेकिन जैसे-जैसे हम इस मुद्दे को उठा रहे हैं, वैसे-वैसे भाजपा के कारनामे दिन-प्रतिदिन उजागर होते जा रहे हैं। इसका सबसे बड़ा सबूत मेरे लोकसभा क्षेत्र में देखने को मिला है, जहां भाजपा विधायक के पुत्र और पुत्रवधू का नाम मतदाता सूची में तीन जगह पाया गया है, जबकि भाजपा की ओर से हाल ही में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी करवाई गई है। मेरा निर्वाचन आयोग और सरकार से सवाल है कि क्या आपने भाजपा से जुड़े लोगों की एसआईआर नहीं करवाई है? यह सीधे-सीधे लोकतंत्र की हत्या है। जब भाजपा विधायक के घर में ही फर्जीवाड़े का खेल चल रहा है, तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि देश और प्रदेश में किस तरह वोटों की धांधली की जा रही है। निर्वाचन आयोग से मेरी मांग है कि इस मामले का तुरंत संज्ञान लेकर सभी फर्जी वोटों को निरस्त करवाया जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। कठूमर नगर पालिका के वार्ड 15 में नाम नगर पालिका कठूमर की वर्ष 2026 की निर्वाचक नामावली में वार्ड संख्या 15 के क्रमांक 550 पर दीपिका पत्नी मुकेश खींची का नाम दर्ज है। इसी सूची में उनके बेटे मुकेश और पौत्री हर्षिता के नाम भी क्रमशः 552 और 551 पर दर्ज बताए गए हैं। खेड़ली नगर पालिका के वार्ड 3 में भी नाम खेड़ली नगर पालिका की वर्ष 2026 की निर्वाचक नामावली में वार्ड संख्या 3 के क्रमांक 495 पर दीपिका पत्नी मुकेश का नाम दर्ज है। इसी सूची में मुकेश पुत्र रमेश चंद और हर्षिता खींची पुत्री मुकेश खींची के नाम भी दर्ज बताए गए हैं। सौंखर ग्राम पंचायत की सूची में भी दर्ज नाम पंचायत चुनाव की वर्ष 2026 की निर्वाचक नामावली में पंचायत समिति खेड़ली-सौंखर की ग्राम पंचायत सौंखर के वार्ड संख्या 1 में क्रमांक 23 पर दीपक देवी पत्नी मुकेश कुमार खींची का नाम दर्ज है। इसी क्रमांक के आसपास विधायक रमेश खींची, उनकी पत्नी उगंती देवी और उनके पुत्र मुकेश खींची व संजय खींची के नाम भी सूची में मौजूद बताए गए हैं। इस तरह कठूमर नगर पालिका, खेड़ली नगर पालिका और सौंखर ग्राम पंचायत की तीन अलग-अलग निर्वाचक नामावलियों में संबंधित महिला के नाम दर्ज होने का मामला सामने आया है।
