चंडीगढ़ में अलग अलग सेक्टरों के पार्कों समेत घरों में ग्रीन बेल्ट के लिए इस्तेमाल होने वाले टरशरी ट्रीटेड वेस्ट वाटर का संकट आने वाला है। नगर निगम की तरफ से यह जानकारी मुहैया करवाई गई है। पाइपलाइन में जरूरी रिपेयर की वजह से यह बंदी की गई है। नगर निगम की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार सेक्टर 31 के पास सीआईआई पाइप 20 इंच व्यास(500 मिमी) पीएससी, टीटी वाटर सप्लाई पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत के कारण, टीटी वाटर सप्लाई की पंपिंग 29.10.2025 से 15.11.2025 तक निलंबित रहेगी। धैर्य रखें शहर निवासी- नगर निगम अधिकारी इस मरम्मत के दौरान सेक्टर 20 सी एंड डी, 21 सी एंड डी, 22 सी एंड डी, 23 सी एंड डी, 24 एंड डी, 25, 29 सी एंड डी, 30 सी एंड डी, 31, 32 ए एंड बी, 33 ए एंड बी, 35 ए एंड बी, 36 ए एंड बी, 37 ए एंड बी, 38 ए एंड बी, 39 ए एंड बी, 40 ए एंड बी, 41 ए एंड बी, 38 (डब्ल्यू) गांव मलोया, डड्डूमाजरा और धनास चंडीगढ़ में पानी की आपूर्ति बंद रहेगी। अधिकारियों की तरफ से अपील की गई है कि शहर निवासी इसे लेकर गर निगम चंडीगढ़ के साथ धैर्य रखें। बता दें कि टरशरी वाटर का कनेक्शन लेकर लोग इस पानी का इस्तेमाल अपने बगीचों आदि में करते हैं। वहीं इससे गाड़ियां भी धो सकते हैं और साफ सफाई करने में भी इस पानी का इस्तेमाल होता है। टरशरी वाटर का इस्तेमाल इन कामों में करने से ड्रिंकिंग वाटर की बर्बादी रुकती है। टरशरी वाटर का इस्तेमाल ग्रीन बेल्ट पार्क और बड़े गार्डन आदि में पानी देने के लिए भी किया जाता है।
