तरनतारन की खालरा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए डेढ़ किलो से अधिक हेरोइन बरामद की है। इस मामले में एक आरोपी दया सिंह को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके दो साथी मनबीर सिंह और धरमिंदर सिंह मौके से फरार हो गए। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की। सूचना मिली थी कि दया सिंह, मनबीर सिंह और धरमिंदर सिंह, पाकिस्तान से तस्करों के माध्यम से हेरोइन की खेप मंगवा रहे हैं। एसआई बलजिंदर सिंह, चीफ ऑफिसर थाना खालरा की देखरेख में पुलिस टीम ने दाना मंडी, तारा सिंह में छापा मारा। इस दौरान बीएसएफ के इंस्पेक्टर रूपैसवां चकमा और अन्य जवान भी मौजूद थे। पुलिस को देख भागने लगे तस्कर पुलिस को देखकर तीन व्यक्तियों में से दो हाथ में पीली वस्तु पकड़े भागने लगे, जबकि एक व्यक्ति को तीन पीले पैकेट के साथ पकड़ लिया गया। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम दया सिंह निवासी तारा सिंह बताया। उसने भागने वाले साथियों के नाम मनबीर सिंह और धरमिंदर सिंह बताए, जो तारा सिंह के ही निवासी हैं। दया सिंह से बरामद तीनों पैकेट का वजन करने पर कुल 1 किलो 517 ग्राम हेरोइन पाई गई। पुलिस ने आरोपी दया सिंह के खिलाफ मुकदमा नंबर 247, दिनांक 27.10.2025 को एन.डी.पी.एस. एक्ट की धारा 21सी/29/61/85 और एयरक्राफ्ट एक्ट की धारा 10.11.12 के तहत थाना खालरा में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जा रहा है, ताकि हेरोइन की बरामदगी और फरार आरोपियों के बारे में आगे की पूछताछ की जा सके।
