रिवोल्यूशनरी मार्क्सिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (RMPI) और CPI(ML) लिबरेशन आगामी 7 अक्टूबर को तरनतारन जिला मुख्यालय पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ संयुक्त रूप से रोष प्रदर्शन करेंगे। यह फैसला RMPI के जिला प्रधान चमन लाल दराजके की अध्यक्षता में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान लिया गया। दर्शन नाहर ने आरोप लगाया कि CEC ज्ञानेश कुमार संघ और मोदी सरकार के इशारों पर काम कर रहे हैं। उन्होंने देश की चुनाव प्रणाली को नुकसान पहुंचाने का जिम्मेदार ठहराते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री से तुरंत इस्तीफे की मांग की। चीफ इलेक्शन कमिश्नर को बर्खास्त करने की मांग
बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के राज्य सेक्रेटेरिएट सदस्य दर्शन नाहर ने चीफ इलेक्शन कमिश्नर (CEC) ज्ञानेश कुमार को तुरंत पद से बर्खास्त करने और उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर गिरफ्तार करने की पुरजोर मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि CEC गैर-कानूनी और असंवैधानिक तरीकों से देश के लोकतांत्रिक व संवैधानिक मूल्यों को खत्म करने पर तुले हुए हैं। ‘वोटर लिस्ट के SIR पर लगे रोक, EVM की जगह बैलेट पेपर से हों चुनाव’ दर्शन नाहर ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि देश में गरीबों, अल्पसंख्यकों, दलितों और महिलाओं को उनके वोट देने के अधिकार से वंचित करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने मांगें उठाईं कि देश में चलाए जा रहे वोटर लिस्ट के ‘स्पेशल इन-डेप्थ रिवीजन’ (SIR) को तुरंत रोका जाए। काटी गई 13 करोड़ से अधिक वोटों को वापस बहाल किया जाए। SIR प्रक्रिया के बाद कराए गए सभी चुनावों को तुरंत रद्द घोषित किया जाए। भविष्य में चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए EVM के बजाय बैलेट पेपर (Ballot Paper) से वोटिंग कराई जाए। 7 अक्टूबर को गांधी पार्क पहुंचने की अपील RMPI के जिला सेक्रेटरी मुख्तार सिंह मल्ला ने क्षेत्र के मजदूरों, किसानों और आम नागरिकों को आह्वान किया कि वे 7 अक्टूबर को होने वाले इस विशाल रोष प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में तरनतारन के गांधी पार्क में पहुंचे। इस मौके पर पार्टी नेता हरजिंदर सिंह चुंघ, जरनैल सिंह रसूलपुर, बलदेव सिंह भील, जसबीर सिंह वैरोवाल, दलबीर सिंह बागरियां और सुरिंदर सिंह चक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।