जयपुर। बजाज नगर थाना इलाके में टोंक रोड स्थित एक होटल में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने शुक्रवार को तूल पकड़ लिया। मृतक के परिजनों और वकीलों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई और थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया। बाद में प्रदर्शनकारी टोंक रोड पर पहुंच गए और सड़क जाम कर दी। करीब सवा घंटे तक यातायात बाधित रहने के बाद विराटनगर विधायक कुलदीप धनखड़ की मध्यस्थता से प्रशासन और परिजनों के बीच मांगों पर सहमति बनी। इसके बाद प्रदर्शन खत्म हुआ और परिजन शव लेने के लिए राजी हुए।
