सिरोही जिले में 1 अक्टूबर से राजकीय स्कूलों के समय में प्रस्तावित बदलाव फिलहाल टल गया है। संशोधित शिविरा पंचांग के अनुसार सरकारी स्कूलों का वर्तमान समय अब 15 अक्टूबर तक यथावत रहेगा प्राथमिक अध्यापक संघ (लेवल-प्रथम) ने अक्टूबर की शुरुआत में भी दोपहर के समय रहने वाली गर्मी को देखते हुए विद्यार्थियों के हित में स्कूलों का समय नहीं बदलने की मांग की थी। छोटे बच्चों के हित में की थी मांग प्राथमिक अध्यापक संघ (लेवल-प्रथम) के प्रदेश सभा अध्यक्ष खेमराज मीणा ने बताया कि अक्टूबर की शुरुआत में दोपहर के समय गर्मी बनी रहती है। ऐसे में छोटे बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसी को देखते हुए संघ ने विद्यार्थियों के हित में स्कूलों के वर्तमान समय को जारी रखने की मांग उठाई थी। अस्पतालों में 9 से 3 बजे तक ओपीडी दूसरी ओर, चिकित्सा विभाग से जुड़ी सेवाओं के समय में 1 अक्टूबर से बदलाव होगा। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी। यह व्यवस्था 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक लागू रहेगी। रविवार और सरकारी अवकाश के दिनों में ओपीडी का समय सुबह 9 से 11 बजे तक रहेगा। आंगनबाड़ी केंद्र भी नए समय पर चलेंगे महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का समय भी 1 अक्टूबर से बदलेगा। केंद्र सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित किए जाएंगे। इस तरह 1 अक्टूबर से जहां स्कूलों के वर्तमान समय में फिलहाल कोई बदलाव नहीं होगा, वहीं अस्पतालों और आंगनबाड़ी केंद्रों की समय-सारिणी में परिवर्तन लागू हो जाएगा।
