मोहाली के खरड़ स्थित सीजीसी कॉलेज झंजेरी में आयोजित दो दिवसीय टेक फेस्ट कल्चरल प्रोग्राम में चोरी का मामला सामने आया। सिंगर सुनंदा शर्मा के लाइव शो के बीच कॉलेज परिसर की पार्किंग से तीन छात्रों की मोटरसाइकिलें चोरी हो गईं। मजात चौकी पुलिस ने एक के बाद एक बाइक चोरी की शिकायतें मिलने के 10 दिन बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 14 अक्टूबर की रात को हुई, जब कॉलेज में प्रसिद्ध गायिका सुनंदा शर्मा का लाइव शो चल रहा था। पानीपत के युवक की बाइक चोरी हरियाणा के पानीपत निवासी बीबीए द्वितीय वर्ष के छात्र रूद्र प्रताप सिंह ने अपनी काली रंग की मोटरसाइकिल (HR 06 BG 0252) कॉलेज के बाहर पार्किंग में खड़ी की थी। कार्यक्रम के बाद रात करीब 11 बजे लौटने पर उन्हें अपनी बाइक गायब मिली। छात्रों ने जताई नाराजगी उसी रात, अजाद नगर बलौंगी निवासी राजू कुमार की हीरो होंडा (सीडी-डीलक्स) बाइक और यमुनानगर के फतेहगढ़ निवासी भवनीत शर्मा की सप्लेंडर मोटरसाइकिल भी चोरी हो गई। तीनों छात्रों ने मजात पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई, जिन्हें एक ही एफआईआर में शामिल कर लिया गया है। हालांकि, शिकायत मिलने के 10 दिन बाद मामला दर्ज होने से पीड़ित छात्रों में नाराजगी है। एएसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि चोरी की घटनाओं का तरीका समान है और पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। छात्रों का आरोप है कि इतने बड़े आयोजन के बावजूद पार्किंग क्षेत्र में कोई ठोस सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
