बारां के छबड़ा में राज्य सरकार के निर्देश पर ‘विकसित भारत-जन सेवा अभियान-2026’ चल रहा है। इसी के तहत ग्राम पंचायत कडैया नोहर में लगे शिविर का उपखंड अधिकारी सपना कुमारी ने निरीक्षण किया। एसडीएम ने राजस्व, ग्रामीण विकास और पंचायती राज समेत कई विभागों के कामों और लोगों को मिल रही सेवाओं को देखा। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शिविर में मिली शिकायतों और मामलों को मौके पर ही ज्यादा से ज्यादा हल करें। साथ ही, पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर दें। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गांव वालों और लाभार्थियों से सीधे बात की। उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जल्दी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य मकसद सरकार की योजनाओं को हर आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाना है। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, ऊर्जा और पेयजल जैसी कई विभागों की सेवाएं दी जा रही हैं। इस दौरान विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।