मेहंदवास थाना क्षेत्र में खेत पर गए किसान पेड़ पर लटका मिला है। इसका पता आसपास के किसानों को लगा तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मेहंदवास थाना प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी मय पुलिस जाप्ते के मौके पर पहुंचे और शव को उतारा कर सआदत अस्पताल ले गए, जहां पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि आज सुबह बनास नदी के पास के छानवास सूर्या निवासी नानू लाल (42) पुत्र नारायण गुर्जर खेत पर कृषि कार्य करने गया था। वह वहां एक पेड़ पर लटका मिला। उसके गले में रस्सी का फंदा था। दोपहर को आसपास के किसानों को इसका पता लगा तो वे मौके पर पहुंचे। मृतक के परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और शव को उतार कर अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार किया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।