बरौनी थाना क्षेत्र में बनास नदी में डूबने की आशंका को लेकर बुधवार को शुरू किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान तीन घंटे बाद युवक का शव मिला। उसके बाद पुलिस ने शव का सआदत अस्पताल की मॉर्च्युरी में पोस्टमॉर्टम करवाकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब साढ़े 9 बजे राहगीरों को नदी किनारे एक बाइक खड़ी दिखाई दी। पानी में थोड़ी अंदर टापूनुमा जगह पर बाइक की चाबी, मोबाइल, शर्ट, चप्पल और शराब की बोतल सहित अन्य सामान मिला। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी। बरौनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सिविल डिफेंस, एसडीआरएफ को बुलाया। इसके बाद इन टीमों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सुबह करीब 9:30 बजे तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे बाद युवक का शव मिला। थानाधिकारी बोले- कल शाम को घर से निकला था
थानाधिकारी जयमल सिंह ने बताया- बाइक के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान महावीर नगर निवासी अनिल कुमार (30) पुत्र गोपाललाल महावर के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि अनिल मंगलवार शाम करीब 7 बजे बाइक लेकर घर से निकला था। इसके बाद उसका मोबाइल फोन नहीं उठ रहा था। सिविल डिफेंस के गालिब खान, रुस्तम अली, हिदायतुल्लाह, अफताब अली व एसडीआरएफ जवानों ने शव को पानी से बाहर निकाला। शव सआदत अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
