जालंधर के न्यू जवाहर नगर रोड पर तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे पैदल जा रही 2 युवतियों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना का पूरा घटनाक्रम पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया> इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना आज दोपहर 3 बजे की है। घायलों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। जानकारी के मुताबिक दोनों युवतियां न्यू जवाहर नगर रोड पर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आई एक कार अचानक उनकी ओर मुड़ी और दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवतियां सड़क पर गिर गईं। लोगों ने तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। दोनों की हालत को लेकर फिलहाल विस्तृत मेडिकल जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि कार एक महिला चला रही थी। हालांकि, वाहन की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना किस वजह से हुई, इसे लेकर पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यह भी जांच का विषय है कि चालक का वाहन पर नियंत्रण क्यों बिगड़ा। पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने CCTV फुटेज जुटाकर जांच शुरू कर दी है। आसपास मौजूद लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान हादसे की परिस्थितियों और चालक की भूमिका की पुष्टि की जाएगी। तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
