हनुमानगढ़ जिले में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान-2026 चल रहा है। इसके तहत मंगलवार को ग्राम पंचायत 01 एसटीबी में सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों और गलियों की साफ-सफाई की गई। इस अभियान का मकसद आम लोगों की भागीदारी बढ़ाकर स्वच्छता को जन आंदोलन बनाना है। साथ ही समाज के हर वर्ग को इससे जोड़ने की कोशिश की जा रही है। अभियान के तहत ग्रामीणों को सफाई के लिए खुद से काम करने को प्रेरित किया जा रहा है। उन्हें कचरा प्रबंधन, गीले और सूखे कचरे को अलग रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने के बारे में जागरूक किया जा रहा है। सार्वजनिक जगहों की सफाई के साथ ही कचरे को सही तरीके से इकट्ठा करने और ठिकाने लगाने पर भी जोर दिया जा रहा है। यह ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान इस साल 16 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान कई तरह की गतिविधियां होंगी। इनमें स्वच्छ पाठशाला, कला प्रतियोगिता, वॉल पेंटिंग, स्वच्छता प्रतिज्ञा, सार्वजनिक जगहों की सफाई, कचरा संवेदनशील स्थलों में बदलाव, स्वच्छता पर आधारित खेल, सफाई मित्र सुरक्षा और सम्मान शिविर शामिल हैं। साथ ही ग्राम पंचायतों में खास ग्राम सभाएं भी की जा रही हैं।