झालावाड़ में वन विभाग की टीम पर हमला कर जब्त ट्रैक्टर छुड़ाने के मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, ट्रैक्टर मालिक अभी फरार है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। यह मामला 17 सितंबर का है। सहायक वनपाल और नाका प्रभारी सुरेंद्र सिंह शक्तावत ने कोतवाली थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम रायपुर-बालगढ़ के जंगल में गश्त कर रही थी। इस दौरान बालगढ़ के पास लाल रंग की महिंद्रा 275 डीआई ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना नंबर के पत्थरों से भरी मिली। टीम ने ट्रैक्टर को रुकवाकर ड्राइवर से पूछताछ की और जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी। इसी बीच ट्रैक्टर मालिक बबलू बंजारा 4-5 दूसरे लोगों के साथ मौके पर आ गया। आरोप है कि उन्होंने वन विभाग की टीम के साथ मारपीट की और जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ाकर मौके से ले गए। इस मामले में सरकारी काम में बाधा डालने सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया गया था। कोतवाली थानाधिकारी मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में खास टीमें बनाई गईं। टीम ने जानकारी जुटाई और आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने ट्रैक्टर ड्राइवर लोभीलाल भील (22) को पकड़ा, जो छोटी रायपुर, थाना कोतवाली झालावाड़ का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, मामले में ट्रैक्टर मालिक बबलू बंजारा अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम रखा गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
