फलोदी नगर परिषद सभापति पद के चुनाव में सोमवार को भाजपा के मेघराज कल्ला निर्वाचित हुए। उन्हें 26 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी श्रीकांता व्यास को 13 और निर्दलीय प्रत्याशी व पूर्व सभापति पन्नालाल व्यास को एक वोट मिला। मेघराज कल्ला ने 13 वोट के अंतर से जीत दर्ज की। इसी के साथ फलोदी जिले के दोनों नगर निकायों के अध्यक्ष पद भाजपा के खाते में गए हैं। बाप नगरपालिका में भाजपा की नीलम खोरवाल अध्यक्ष चुनी गई हैं। 40 में से सभी पार्षदों ने किया मतदान मतदान सुबह 10 बजे शुरू हुआ। सबसे पहले निर्दलीय पार्षद लक्ष्मी कंवर सुबह 10:42 बजे मतदान केंद्र पहुंचीं। इसके 9 मिनट बाद भाजपा के 19 पार्षद और 4 निर्दलीय पार्षद एक बस से मतदान केंद्र पहुंचे। उनके साथ फलोदी विधायक पब्बाराम बिश्नोई, जिलाध्यक्ष ज्योति जाणी, चुनाव सह प्रभारी डॉ. जोगेंद्र सिंह राजपुरोहित सिलोर और जिला उपाध्यक्ष डॉ. माधोसिंह देवड़ा मौजूद रहे। इसके बाद अन्य पार्षदों ने भी मतदान किया। दोपहर 12:20 बजे कांग्रेस के सभी 13 पार्षद कांग्रेस नेता प्रकाश छंगाणी और बबलू व्यास के साथ मतदान केंद्र पहुंचे। दोपहर 1 बजे तक 40 में से 39 पार्षद मतदान कर चुके थे। भाजपा पार्षद जेपी जोशी दोपहर 1:13 बजे मतदान केंद्र पहुंचे और वोट डाला। इसके बाद मतगणना शुरू हुई। 1:40 बजे घोषित हुआ परिणाम मतगणना के बाद दोपहर 1:40 बजे परिणाम घोषित किया गया। मेघराज कल्ला को 26, श्रीकांता व्यास को 13 और पन्नालाल व्यास को एक वोट मिला। इस तरह मेघराज कल्ला 13 वोट के अंतर से सभापति निर्वाचित हुए। जीत के बाद पत्नी ने गले लगाकर दी बधाई परिणाम घोषित होने के बाद मेघराज कल्ला मतदान कक्ष से बाहर आए। परिसर में इंतजार कर रहीं उनकी पत्नी ममता कल्ला ने उन्हें गले लगाकर बधाई दी। इस दौरान दोनों भावुक नजर आए। ममता कल्ला खुद वार्ड 26 से पार्षद चुनी गई हैं। इसके बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मेघराज कल्ला को माला पहनाकर बधाई दी। नगर परिषद के बाहर सुबह से ही समर्थक परिणाम का इंतजार कर रहे थे। जीत के बाद समर्थकों ने जश्न मनाया। कलेक्टर-एसपी सहित पुलिस अधिकारी रहे मौजूद मतदान और मतगणना के दौरान जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह, एसपी सतनाम सिंह और चुनाव पर्यवेक्षक इकबाल खान मतदान केंद्र पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मतदान केंद्र के बाहर सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई थी। पत्रकारों के अलावा अन्य लोगों को मतदान केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं थी। कानून व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराज सिंह, डिप्टी अचल सिंह देवड़ा, थाना प्रभारी नरेश कुमार निर्वाण, साइबर थाना प्रभारी सलीम मोहम्मद, सीआई रामेश्वर दयाल सहित पुलिस जाब्ता तैनात रहा। इस दौरान भाजपा विधायक पब्बाराम बिश्नोई, जिलाध्यक्ष ज्योति जाणी, विक्रमादित्य सिंह आमला, डॉ. माधोसिंह देवड़ा, डॉ. जोगेंद्र सिंह राजपुरोहित, गिरधर सिंह जालोडा, चर्तुभुज सोनी, सुनील व्यास, शांति लाल शर्मा लोहावट, जानकी लाल शर्मा, हितेश, युद्धवीर सिंह ढाका, कनक और अभिषेक कल्ला सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।