जयपुर-उदयपुर नेशनल हाईवे-48 पर नानकपुरा गुरुद्वारे के सामने रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ने से ट्रक चालक की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ड्राइवर को सीने में दर्द होने पर उसने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया और दवाई लेने के लिए मेडिकल स्टोर की ओर जाने लगा। इसी दौरान वो बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। ट्रक ड्राइवर को सीने में दर्द हुआ भीलवाड़ा के मांडल थाना क्षेत्र में कुलविंदर सिंह (55) पुत्र भजन सिंह निवासी फिलोर बुंडाला, जालंधर (पंजाब), पुणे से ट्रक लेकर लुधियाना जा रहे थे। नानकपुरा के पास अचानक सीने में दर्द होने पर उन्होंने ट्रक को साइड में खड़ा किया। इसके बाद गुरुद्वारे के सामने स्थित पवन मेडिकल की ओर दवाई लेने जाने लगे थे। मेडिकल स्टोर तक पहुंचने से पहले ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे जमीन पर गिर पड़े। पुलिस ने मॉर्च्युरी में शव रखवाया सूचना पर 108 एंबुलेंस ड्राइवर प्रभु प्रजापत और मेल नर्स सतवीर सिंह मौके पर पहुंचे। जांच के बाद डॉक्टरों ने ट्रक ड्राइवर को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर नानकपुरा पुलिस चौकी से कॉन्स्टेबल देवेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को मांडल उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा। इनपुट: जितेंद्र सिंह गौड़, मांडल
