उदयपुर में कम बारिश के कारण सतही जल स्रोतों में पानी की आवक कम होने से अब शहर की जलापूर्ति व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है। अभी उदयपुर में दो दिन छोड़कर जलापूर्ति की जा रही है और अब आगे तीन दिन छोड़कर की जाएगी। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने शहरी जल योजना उदयपुर में 72 घंटे के अंतराल पर जलापूर्ति करने के निर्देश दिए हैं। यह व्यवस्था जल्द से लागू की जा रही है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के नगर खंड प्रथम/द्वितीय उदयपुर के अधिशासी अभियंता की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि वर्षा ऋतु 2026 में कम वर्षा होने के कारण सतही जल स्रोतों में पानी की आवक नगण्य रही। उपलब्ध पानी से माह अगस्त 2026 तक जलापूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए की गई गणना के आधार पर अब जलापूर्ति का अंतराल बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। विभाग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहरी जल योजना उदयपुर में 72 घंटे के अंतराल पर जलापूर्ति शुरू की जाए। अब इसके लिए जल वितरण की समय सारणी तैयार की जाएगी। कम बारिश के कारण जल स्रोतों में पर्याप्त पानी नहीं आने से जल संकट खड़ा हुआ है। उदयपुर के मानसी वाकल, फतहसागर और पिछोला झील में पानी की कमी होने के बाद यह समस्या सामने आई है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता रवींद्र कुमार चौधरी ने बताया कि इस बार उदयपुर में बारिश कम हुई इस वजह से व्यवस्था में बदलाव करने की तैयारी की गई है।