सीकर में निकाय चेयरमैन के चुनाव के लिए अब तस्वीर साफ हो गई है। फॉर्म वापसी के बाद दांता और लक्ष्मणगढ़ नगरपालिका को छोड़कर 11 निकायों में भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है। पलसाना में भाजपा के नरेश कुमावत पहले ही निर्विरोध अध्यक्ष बन चुके हैं। सीकर में 14 नगर निकायों में 9 व 11 सितंबर को चुनाव हुए थे। अब चेयरमैन के लिए दौड़-धूप तेज हो गई है। सीकर जिले में सीकर नगर परिषद, फतेहपुर नगर परिषद के साथ श्रीमाधोपुर, लोसल, रींगस, धोद, रामगढ़ शेखावाटी, खाटू, अजीतगढ़, नीमकाथाना और खंडेला में नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए सीधी टक्कर है। नामांकन वापसी की अंतिम दिन लक्ष्मणगढ़ में ललित पुरोहित, मधुसूदन दायमा, दांता में सुरेश बजाड़ और लोसल में गौरीशंकर शर्मा ने नामांकन वापस ले लिया। अब लक्ष्मणगढ़ में त्रिकोणीय और दांता नगर पालिका में चतुष्कोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। इसके अलावा निकायों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच आमने-सामने की सीधी टक्कर तय हो गई है। रामगढ़ शेखावाटी में निर्दलीय मकसूद भाटी को भाजपा का समर्थन है। अब चेयरमैन के लिए सभी जगह 21 सितंबर को वोटिंग होगी।
