मोगा जनता को त्वरित और पारदर्शी न्याय दिलाने के उद्देश्य से मोगा पुलिस के एस.पी. (हेडक्वार्टर) गुरशरणजीत सिंह संधू ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जिला भर के थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने पुलिस महकमे को स्पष्ट संदेश देते हुए लंबित पड़ी शिकायतों के जल्द, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निपटारे के सख्त निर्देश जारी किए। एस.पी.एच. गुरशरणजीत सिंह संधू ने चेतावनी देते हुए कहा कि मामलों के निपटारे में कोताही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी, इसलिए सभी अधिकारी अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी और तत्परता से निभाएं। बैठक में दिए गए मुख्य निर्देश: समयबद्ध जांच: एस.पी. हेडक्वार्टर ने हिदायत दी कि हर शिकायत की तय समय सीमा के भीतर और निष्पक्षता से जांच की जाए। किसी भी मामले में बेवजह ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पारदर्शी और लोक केंद्रित पुलिसिंग: संधू ने स्पष्ट किया कि मोगा पुलिस जवाबदेह और जनता के प्रति समर्पित पुलिसिंग के जरिए हर नागरिक को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। बुजुर्गों और महिलाओं को सम्मान: थानों में आने वाले बुजुर्गों और महिला आवेदकों को पूरा मान-सम्मान देने के निर्देश दिए गए। उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए ताकि उन्हें दफ्तरों के बार-बार चक्कर न काटने पड़ें। पब्लिक-पुलिस तालमेल: उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता और पुलिस के बीच परस्पर विश्वास व सौहार्दपूर्ण संबंध मजबूत किए जाएं। इस उच्च स्तरीय बैठक में एस.पी. अजय राज सिंह, डी.एस.पी. मनमोहन समराय, डी.एस.पी. राहुल कोशल, डी.एस.पी. सिटी जतिन्द्र सिंह गिल, डी.एस.पी. बाघापुराना जसविन्द्र सिंह खैहरा, डी.एस.पी. निहाल सिंह वाला अनवर अली और डी.एस.पी. धर्मकोट सुखविन्द्र सिंह बराड़ विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा थाना सिटी मोगा के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरविन्द्र सिंह भुल्लर, थाना चड़िक प्रभारी पूर्ण सिंह, थाना सदर प्रभारी गुरपाल सिंह, थाना समालसर प्रभारी इकबाल सिंह, थाना मैहना प्रभारी कमलजीत सिंह, थाना बधनीकलां प्रभारी प्रीतम सिंह और थाना फतेहगढ़ पंजतूर प्रभारी भलविन्द्र सिंह ने भी हिस्सा लिया।