तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता सी. जोसेफ विजय का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से डीपफेक वीडियो बनाने वाला युवक अलवर में गिरफ्तार हुआ है। युवक की पहचान सायबू खान (28) पुत्र जुहरू खान अलवर,बूटोली थाना लक्ष्मणगढ़ निवासी हुई है। आरोपी डीपफेक वीडियो के जरिए लोगों को आर्थिक मदद का झांसा देकर ठगी करता था। पुलिस के अनुसार तमिलनाडु CB-CID की साइबर क्राइम टीम ने डिजिटल ट्रेल के आधार पर आरोपी को राजस्थान में ट्रेस किया और स्थानीय पुलिस की मदद से 12 सितंबर को पकड़ा। आरोपी को ट्रांजिट वारंट पर तमिलनाडु ले जाकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। लक्ष्मणगढ़ थाना प्रभारी राजेश मीणा ने बताया कि CB-CID की टीम आरोपी की तलाश करते हुए लक्ष्मणगढ़ पहुंची थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस टीम के साथ आरोपी के गांव बुटोली में दबिश देकर उसे पकड़ा गया और तमिलनाडु साइबर क्राइम टीम के हवाले कर दिया गया। आरोपी के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और सीपीयू बरामद किए गए हैं। तमिलनाडु के सीएम का बनाया था डीपफेक वीडियो CB-CID के मुताबिक सोशल मीडिया पर ऐसे डीपफेक वीडियो सामने आए थे, जिनमें एआई की मदद से मुख्यमंत्री विजय को हिंदी में लोगों से आर्थिक मदद के लिए एक व्हाट्सएप नंबर पर संपर्क करने के लिए कहते हुए दिखाया गया था। जांच में सामने आया कि इस तरह के वीडियो फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किए गए और मध्य प्रदेश समेत दूसरे राज्यों के लोगों को ठगने का प्रयास किया गया। मामले में 1 सितंबर को BNS और आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से फर्जी अकाउंट और डिजिटल लॉग की जानकारी मांगी थी। इसके बाद डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर राजस्थान और मध्य प्रदेश में विशेष टीमें भेजी गईं। पुलिस ने यह भी बताया है कि इसी तरह के कुछ वीडियो कथित तौर पर पाकिस्तान से संचालित फेसबुक अकाउंट से शेयर किए गए हैं। हालांकि इन अकाउंट्स के पीछे कौन लोग हैं और आरोपी का किसी बड़े नेटवर्क से संबंध है या नहीं, इसकी जांच अभी जारी है।