मोहनगढ़ क्षेत्र में व्यापारी मदनलाल सारस्वत और उनके मुनीम रेंवतराम की हत्या के प्रकरण में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गौरतलब है कि दोहरे हत्याकांड के बाद एसआइटी का गठन किया गया, जिसका नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार पोकरण ने किया। एसआइटी में शामिल प्रमुख अधिकारियों में नाचना वृत्ताधिकारी गजेन्द्रसिंह चम्पावत, पोकरण वृत्ताधिकारी भवानीसिंह, मोहनगढ़ थानाधिकारी नाथूसिंह शामिल थे। एसआइटी ने घटनास्थल का दौरा कर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड के माध्यम से मौके पर साक्ष्य संकलित किए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पोकरण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान, फील्ड इंटेलिजेंस और सूचना संकलन के माध्यम से घटना की तह तक जाने का प्रयास किया। नाचना थानाधिकारी भूट्टाराम, फलसूंड थानाधिकारी अमराराम, तकनीकी टीम प्रभारी भीमरावसिंह ने आपसी समन्वय स्थापित कर राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में लगातार दबिशें दी। करीब 50 अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिन-रात लगभग 600 किलोमीटर के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त किए। अनुसंधान के दौरान एक आरोपी गुरप्रीतसिंह पुत्र बलजिंद्रसिंह निवासी फरीद खेडा, पंजाब को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से लूटी गइ कार भी बरामद की गई। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान जारी रखे हुए हैं।
