गलताजी परिसर में कार्तिक स्नान और छठ पूजा के लिए जिला प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त की हैं। जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन से जुड़े सभी इंतजामों के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। 25 से 28 अक्टूबर तक होने वाले इस आयोजन की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त जिला कलेक्टर आशीष कुमार के नेतृत्व में नगर निगम और देवस्थान विभाग सहित अन्य अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। उपखंड अधिकारी जयपुर प्रथम और उपखंड अधिकारी जयपुर उत्तर को समग्र प्रभारी नियुक्त जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने इस आयोजन के लिए उपखंड अधिकारी जयपुर प्रथम और उपखंड अधिकारी जयपुर उत्तर को समग्र प्रभारी नियुक्त किया है। तहसीलदार जयपुर को सहायक प्रभारी बनाया गया है। इन अधिकारियों को सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम के अधिकारियों को परिसर और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई, रोशनी, फायर ब्रिगेड की तैनाती, भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, अतिक्रमण हटाने और मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस उपायुक्त, जयपुर उत्तर को भीड़ नियंत्रण के लिए अस्थाई नियंत्रण कक्ष स्थापित करने, परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगवाने और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनकी जांच करने के निर्देश मिले हैं। मेला परिसर में वाहनों की समुचित पार्किंग और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के निर्देश यातायात पुलिस उपायुक्त को मेला परिसर में वाहनों की समुचित पार्किंग और सुगम यातायात के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्हें पार्किंग में लावारिस वाहनों और संदिग्ध वस्तुओं की जांच करने के भी निर्देश दिए गए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रथम और द्वितीय को मेला समाप्ति तक चिकित्सा वाहन, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, आवश्यक दवाएं और उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और खुले तारों व विद्युत बॉक्स को दुरुस्त करने को कहा गया है। जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता को पेयजल आपूर्ति के लिए टैंकरों की व्यवस्था सहित अन्य संबंधित इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा एवं सहायक आयुक्त देवस्थान विभाग को भी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।