राजस्थान के 162 नगरीय निकायों (नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका) में पहले चरण में बुधवार को वोटिंग हुई। शाम 6 बजे वोटिंग खत्म होने के साथ ही प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी होने लगी। वोटिंग के बाद कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों के पास पार्टी ऑफिस से फोन आने लगे। इसके बाद प्रत्याशी बैग लेकर पार्टी ऑफिस पहुंचे, जहां से गाड़ियों में बैठाकर सुरक्षित जगहों के लिए रवाना किया गया। बाड़मेर में वार्ड 48 के कांग्रेस प्रत्याशी पारसमल माली को रात 8.30 बजे शहर के बेरियों का बास इलाके में कार में डालकर ले जाने की कोशिश की गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और ASP नितेश आर्य ने प्रत्याशी को थाने लाने की कोशिश की तो प्रत्याशी के भाई ठाकराराम माली और उनके समर्थक पुलिस टीम से उलझ गए। कोटा जिले के रामगंजमंडी नगर पालिका में वोटिंग के बाद शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने भाजपा के सभी 38 प्रत्याशियों को रात करीब 9.30 बजे पार्टी ऑफिस बुलाया और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बस में बैठाकर बारां के लिए रवाना किया। बारां पहुंचने के बाद अयोध्या (उत्तरप्रदेश) राम मंदिर घुमाने ले जाएंगे। वहीं कांग्रेस ने अपने सभी उम्मीदवारों को होटल में एकत्रित करना शुरू कर दिया है। भीलवाड़ा में भाजपा प्रत्याशियों को पार्टी ऑफिस बुलाया भीलवाड़ा नगर निगम के 70 वार्डों में वोटिंग खत्म होने के बाद में अब पार्षदों की बाड़ेबंदी शुरू हो चुकी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा ने अपने 70 प्रत्याशियों को फोन करके भाजपा ऑफिस बुलाया है, जहां से उन्हें अज्ञात स्थान पर ले जाने की प्लानिंग है। हाईकमान की ओर से मिले निर्देशों के बाद भावी पार्षद बैग में कपड़े लेकर भाजपा ऑफिस पहुंचना शुरू हो गए हैं। कांग्रेस ने 53 वार्डों में ही अधिकृत प्रत्याशी उतारे थे। इनके पास अभी तक पार्टी के किसी भी पदाधिकारी का कोई फोन नहीं आया है। भीलवाड़ा में चुनावी मैदान में 154 निर्दलीय प्रत्याशी भी हैं, जिनमें से कुछ प्रत्याशी कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों को सीधी-सीधी टक्कर दे रहे हैं। समर्थकों के साथ पार्टी ऑफिस पहुंचे प्रत्याशी चित्तौड़गढ़ में मतदान खत्म होते ही भाजपा के प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ पार्टी ऑफिस पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा की। इसके बाद प्रत्याशी अपने जरूरी सामान के साथ अलग-अलग गाड़ियों से रवाना हो गए। राजनीतिक गलियारों में इसे बाड़ाबंदी की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी स्तर पर प्रत्याशियों को एकजुट रखने और मतगणना तक संपर्क बनाए रखने की रणनीति पर काम शुरू हो गया है। दूसरी ओर कांग्रेस प्रत्याशी भी अपने स्तर पर आगे की रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं। दौसा के महवा में कांग्रेस-भाजपा के साथ निर्दलीयों की बाड़ाबंदी दौसा जिले की महवा नगर पालिका के लिए वोटिंग खत्म होते ही कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशियों की ओर से बाड़ाबंदी शुरू कर दी गई है। मतदान के बाद भाजपा के 35 प्रत्याशियों को महवा विधायक राजेंद्र मीणा बस में बैठाकर जयपुर रवाना हो गए। कांग्रेस के उम्मीदवारों को हिंडौन रोड स्थित एक निजी होटल में बुलाया गया है। पार्टी की ओर से प्रत्याशियों को एकजुट रखने के साथ ही अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर आगे की रणनीति पर भी नजर रखी जा रही है। वहीं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष विजय बोहरा 22 निर्दलीय उम्मीदवारों को लेकर दिल्ली की ओर निकल गए। निकाय चुनाव में वोटिंग से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… बीकानेर में बीजेपी विधायक और बूथ अधिकारी में बहस:झुंझुनूं में पुलिसकर्मियों पर फर्जी वोटिंग कराने का आरोप; सीकर के फतेहपुर में पत्थरबाजी CM भजनलाल के गृह जिले,वसुंधरा के क्षेत्र में वोटिंग बढ़ी:भीलवाड़ा में 3.29% कम वोटिंग ने चौंकाया; क्या निर्दलीयों का दबदबा बढ़ेगा