बठिंडा केंद्रीय जेल में सुरक्षा जांच के दौरान चार हवालातियों से मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद हुए हैं। इस घटना के बाद हवालातियों ने जेल कर्मचारियों से हाथापाई की, जिसके चलते कैंट पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। जेल के सहायक सुपरिटेंडेंट परमजीत सिंह ने कैंट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि जेल सुरक्षा गार्ड द्वारा रूटीन बैरक जांच के दौरान यह बरामदगी हुई। क्या है हवालातियों के नाम? जिन हवालातियों के पास से मोबाइल फोन और सिम कार्ड मिले, उनमें आज्ञापाल सिंह, हरजिंदर सिंह (निवासी हमीरा), तलविंदर सिंह (निवासी मलोट) और जोगराज सिंह (निवासी राजोके) शामिल हैं। जब जेल गार्ड ने उनसे पूछताछ की, तो उन्होंने कर्मचारियों के साथ बहस शुरू कर दी और उन्हें अपना काम करने से रोका। इस दौरान एक हवालाती ने जेल सुरक्षा गार्ड से हाथापाई भी की और धमकियां दीं। इससे जेल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। कैंट पुलिस थाने ने चारों हवालातियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ जेल नियमों के उल्लंघन और अभद्र व्यवहार के तहत कार्रवाई की जाएगी। जेल प्रशासन ने भी भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कैदियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है।