जयपुर। प्रदेश के नगरीय निकायों में पहली बार ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ की तर्ज पर दो चरणों में एकसाथ हो रहे चुनाव के पहले चरण का मतदान बुधवार को सुबह 7 बजे से 4 नगर निगमों सहित 162 निकायों में होगा। इस चुनावी रण में स्थानीय बोर्डों के गठन से कहीं आगे भाजपा-कांग्रेस के 105 दिग्गज नेताओं की राजनीतिक प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। सत्ताधारी भाजपा जहां चुनाव में बाजी मारकर अपने पौने तीन साल के कार्यकाल पर बेहतर कामकाज की जनता से मुहर लगवाना चाहती है, वहीं विपक्षी कांग्रेस के लिए यह संगठन की सक्रियता और चुनावी तैयारियों की परीक्षा है।
