संगरूर में एक व्यक्ति ने सल्फास खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। हालात गंभीर होने पर परिजनों ने उसे संगरूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर किया गया। पटियाला पहुंचने पर वेंटिलेटर नहीं मिला, तो उसे दोबारा संगरूर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाके के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। मरने से पहले उसने आरोप लगाया था कि उसके गांव में कल मंत्री हरपाल चीमा आए, तो उसने मंत्री से खुलेआम नशा बिकने पर रोक लगाने को लेकर सवाल किया था। इसके बाद उसके घर आकर गांव के पंच और सरपंच ने माफी मांगने का दबाव बनाया। जिससे परेशान होकर उसने जहर खा लिया। उसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उसने कहा था- एक मैं आप लोगों को बताऊं, कल हमारे यहां चीमा आया था, मैंने वहां सवाल किया था। मैंने चिट्टे के बारे में सवाल किया था। मेरा बेटा चिट्टा पीता है। उसने मेरा सारा कुछ ही बेच दिया। मजबूर होकर मैंने सल्फास खाई है। चिट्टा बंद नहीं हुआ है। 4 लोग मेरी मौत के जिम्मेदार हैं। ये मुझसे कह रहे थे कि माफी मांग। मैंने माफी मांगने से इनकार कर दिया। लोग बोले- गांव में खुलेआम चिट्टे बिकता गांव के लोगों ने बताया कि संबंधित व्यक्ति ने वित्त मंत्री हरपाल चीमा के सामने कहा था कि उसका बेटा चिट्टे का पीड़ित है और गांव में खुलेआम चिट्टा बिकता है। इसके बाद आरोप है कि पंच और सरपंच ने उस पर माफी मांगने का दबाव बनाया। लोगों के मुताबिक, इससे परेशान होकर व्यक्ति ने यह कदम उठाया। वीडियो में व्यक्ति ने ये बातें कही… व्यक्ति ने वीडियो में कहा: मैं आपको एक बात बताऊं जी कल चीमा सहाब आए थे मैंने चीमा से एक सवाल किया था। एक पंचायत सरपंच समेत 4 लोग मेरी मौत के जिम्मेदार हैं। व्यक्ति: मैंने चिट्टे (नशे/ड्रग्स) के बारे में सवाल किया था। कैमरे के पीछे वाला व्यक्ति: चिट्टे पर आपने क्यों सवाल किया था,क्या आपके घर में कोई चिट्टा पीता (नशा करता) है?
व्यक्ति: हां जी, मेरा लड़का पीता है। कैमरे के पीछे वाला व्यक्ति: अच्छा, तो आप पीड़ित हैं उससे? व्यक्ति: हां जी। कैमरे के पीछे वाला व्यक्ति: आपके घर की कितनी बर्बादी की है उसने? व्यक्ति: वीरे (भाई), सब कुछ ही बेच दिया जी। कैमरे के पीछे वाला व्यक्ति: अच्छा जी। व्यक्ति: मुझे इतना लाचार कर दिया है ना जी, कि मैं भीख मांगने को मजबूर हो गया हूं। कैमरे के पीछे वाला व्यक्ति: सरकार तो कहती है कि हमने चिट्टा बंद कर दिया है। व्यक्ति: चिट्टा बिल्कुल भी बंद नहीं हुआ है जी। DSP बोलीं- मामले की जांच कर रहे दिड़बा की DSP रुपिंदर कौर बाजवा ने कहा कि पुलिस अस्पताल में व्यक्ति और उसके परिवार के सदस्यों के बयान लेने पहुंची है। उन्होंने कहा कि परिवार की ओर से दिए जाने वाले बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। *************** ये खबर भी पढ़ें: चंडीगढ़ में BJP नेता को कॉलर पकड़कर घसीटा: AAP पार्षद से झड़प, एक के हाथ में चाकू दिखा; मंडल अध्यक्ष बोले- मां से भी हाथापाई की चंडीगढ़ में BJP युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मोहित और वार्ड नंबर 24 से आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षद जसवीर लाडी के बीच झड़प हो गई। BJP नेता मोहित ने आरोप लगाया कि पार्षद जसवीर लाडी ने उनका कॉलर पकड़कर घसीटा। लाडी ने उनके हाथ से BJP का झंडा छीनकर जमीन पर फेंक दिया। (पढ़ें पूरी खबर)
