बाड़मेर और बालोतरा जिले में नगर निकाय चुनाव के लिए नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। धोरीमन्ना नगर पालिका के दो वार्डों में एक भाजपा और एक निर्दलीय प्रत्याशी निर्विरोध पार्षद चुने गए हैं, जिससे भाजपा का खाता भी खुल गया है। अब धोरीमन्ना के 18 वार्डों में 41, बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डों में 179 और चौहटन के 20 वार्डों में 64 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। बाड़मेर में 9 सितंबर और धोरीमन्ना-चौहटन में 11 सितंबर को मतदान होगा। धोरीमन्ना में 20 में से 18 वार्डों में चुनाव धोरीमन्ना नगरपालिका के कुल 20 वार्डों में से दो वार्डों में प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। अब 18 वार्डों में चुनावी मुकाबला होगा। इन वार्डों में कुल 41 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें भाजपा के 18, कांग्रेस के 17, निर्दलीय 5 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) का एक प्रत्याशी चुनाव लड़ रहा है। वार्ड 13 में निर्दलीय और वार्ड 3 में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध वार्ड 13 में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों ने नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद निर्दलीय शांति देवी निर्विरोध पार्षद चुनी गईं। वहीं, वार्ड 3 में कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा के गंगाराम निर्विरोध निर्वाचित हुए। दोनों निर्विरोध निर्वाचित पार्षदों को रिटर्निंग अधिकारी ने शपथ दिलाई। वार्ड 3 से भाजपा प्रत्याशी के निर्विरोध निर्वाचन के साथ ही नगरपालिका चुनाव में भाजपा का खाता खुल गया है। अब बाकी 18 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबले के साथ निर्दलीय और RLP प्रत्याशी भी चुनावी समीकरण प्रभावित करेंगे। बाड़मेर में 368 नामांकन दाखिल, अब 179 प्रत्याशी मैदान में नगर परिषद बाड़मेर के 55 वार्डों के लिए कुल 368 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इनमें 78 नामांकन पत्र निरस्त हुए, जबकि 290 नामांकन पत्र वैध पाए गए। वैध रूप से नामांकित प्रत्याशियों की संख्या 235 रही। इसके बाद 56 प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिया और अब 179 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। चौहटन में 137 नामांकन, नाम वापसी के बाद 64 प्रत्याशी नगर पालिका चौहटन के 20 वार्डों के लिए कुल 137 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। जांच के दौरान 27 नामांकन पत्र निरस्त हुए और 110 नामांकन पत्र वैध पाए गए। वैध रूप से नामांकित प्रत्याशियों की संख्या 107 रही। नाम वापसी के दौरान 43 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस लिया। इसके बाद अब 64 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
