धारकलां क्षेत्र की ग्राम पंचायत लंजेरा को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग का खस्ता हालत से लोग परेशान हैं। सड़क पर बने बड़े और गहरे गड्ढों के कारण स्थानीय निवासियों का यहां से गुजरना किसी जोखिम से कम नहीं है। इस उपेक्षा से आक्रोशित ग्रामीणों ने पंजाब सरकार और संबंधित मंडी बोर्ड विभाग पर धार क्षेत्र के सीमावर्ती गांवों के साथ सौतेला व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है। लोगों ने सीधे तौर पर कहा कि अगर उनकी मांग को पूरा करते हुए सड़क को चलने लायक नहीं बनाया गया तो वे 2027 चुनाव में वोट कतई नहीं करेंगे और अन्य चुनावों का भी बहिष्कार करेंगे। मंडी बोर्ड की अनदेखी से बिगड़े हालात दुनेरा से लंजेरा को जाने वाला यह मुख्य संपर्क मार्ग मंडीकरण विभाग (मंडी बोर्ड) के अधीन आता है। ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय से इस मार्ग की कोई सुध या मरम्मत नहीं ली गई है, जिसके कारण दिन-ब-दिन सड़क की स्थिति बदतर होती जा रही है। मौजूदा पंच सुमेल दीन, पूर्व सरपंच विजय धीमान, कमलजीत सिंह, नागर पठानिया, कमरदीन और फरीद दीन सहित अन्य स्थानीय निवासियों ने बताया कि गांव गुड़ाह तक आवाजाही करने वाले लोगों को इन गहरे गड्ढों के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दुपहिया वाहन चालकों के लिए बना ‘हादसों का सबब’ ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खस्ता हो चुकी है कि आए दिन दुपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर गिर रहे हैं और हादसों का शिकार हो रहे हैं। रात के समय या आपातकालीन स्थिति में मरीजों और बुजुर्गों को ले जाना और भी खतरनाक हो जाता है। मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन और चुनाव बहिष्कार का ऐलान विभाग और सरकार के उदासीन रवैये पर गुस्सा जताते हुए ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि विभाग जल्द से जल्द इस संपर्क मार्ग का पक्का निर्माण व मरम्मत कार्य शुरू करे। यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो पूरा क्षेत्र एकजुट होकर उग्र प्रदर्शन करेगा। साथ ही आगामी चुनावों में नेताओं को गांव में घुसने नहीं दिया जाएगा और मतदान का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा।
