दिवाली के अगले दिन यानी बुधवार को रूपनगर के एक रिहायशी इलाके में कूड़े के ढेर में धार्मिक तस्वीरें मिलने से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त हो गया। यह घटना शहर के मुख्य बाजार के पास सामने आई। स्थानीय पार्षद पोमी सोनी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इस कृत्य पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि दिवाली पर लोग घरों की सफाई करते हैं और पूजा-अर्चना करते हैं, लेकिन अगले ही दिन धार्मिक तस्वीरों का कचरे में मिलना अनुचित है। पार्षद ने की तस्वीरों को कूडे़ में ना फेंकने की अपील पार्षद ने लोगों से धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने और ऐसी तस्वीरों को कूड़े या गंदगी में न फेंकने की अपील की। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे कार्य धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं और समाज में गलत संदेश देते हैं। स्थानीय निवासियों ने सोनी की अपील का समर्थन किया और क्षेत्र की सफाई में सहयोग का आश्वासन दिया। कौंसलर ने नगर परिषद से भी नियमित रूप से इन इलाकों की सफाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि शहर की धार्मिक और सामाजिक मर्यादा बनी रहे।