मेवाड़ के कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में मंगलवार को दीपावली का त्योहार श्रद्धा और खुशी के साथ मनाया गया। मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ रही। शाम को मंदिर परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। देशभर से आए भक्तों ने ‘जय सांवलियाजी’ के जयकारे लगाए। दीपावली की शाम को मंदिर को 11 हजार दीपकों से सजाया गया। जैसे ही सभी दीप जले, पूरा मंदिर परिसर सुनहरी रोशनी से भर गया। दीवारों, दरवाजों और गलियों में दीपों की कतारें दिखाई दी। भक्तों ने भगवान श्री सांवलियाजी के सामने दीप जलाकर सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। भक्तों और अधिकारियों ने मिलकर किया पूजन अतिरिक्त जिला कलेक्टर और मंदिर मंडल की CEO प्रभा गौतम ने बताया कि मंदिर के कार्यालय, भोजनशाला, गोशाला, मशीनरी और भंडार विभागों में पारंपरिक विधि से पूजा की गई। पंडितों ने मंत्रोच्चारण के साथ लक्ष्मी पूजन कराया। इसके बाद मंदिर के पुजारियों और कर्मचारियों को तिलक लगाकर मिठाई बांटी गई। सुरक्षा गार्डों ने भी सम्मान के रूप में फायर किए, जिससे माहौल में अद्भुत भक्ति का संचार हुआ। पूजन कार्यक्रम में मंदिर मंडल के अध्यक्ष जानकीदास वैष्णव, अधिकारी, पुजारी, कर्मचारी और सैकड़ों भक्त शामिल हुए। सभी ने मिलकर दीप जलाए और भगवान श्री सांवलियाजी के दर्शन किए। मंदिर में शंख, घंटियों और भक्ति गीतों की गूंज सुनाई देती रही। अन्नकूट महोत्सव कल मंदिर मंडल अध्यक्ष जानकीदास वैष्णव ने बताया कि बुधवार 22 अक्टूबर को अन्नकूट महोत्सव मनाया जाएगा। इस दिन भगवान को कई प्रकार के व्यंजन भोग के रूप में चढ़ाए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए खास दर्शन और प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की जाएगी। देशभर से आए श्रद्धालुओं ने कहा कि हर साल यहां की दीपावली कुछ अलग और बहुत खास होती है, क्योंकि यहां भगवान श्री सांवलियाजी की कृपा का अनुभव होता है। अब देखिए… तस्वीरें