राष्ट्रीय खेल दिवस पर शनिवार को भरतपुर में स्व. मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम हुए। राजेश पायलट स्टेडियम में खेल गतिविधियां और सम्मान समारोह हुआ, जिसमें खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। जिला ओलंपिक संघ की बैठक में जिले में खेलों के विकास और खिलाड़ियों को सुविधाएं देने पर चर्चा हुई। वहीं, स्टेडियम में ग्रासिंग फुटबॉल मैदान विकसित करने और अन्य निर्माण कार्यों का प्रस्ताव कलेक्टर के सामने रखने का निर्णय लिया गया। खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं का सम्मान स्व. मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजेश पायलट स्टेडियम में खेल गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ की ओर से खिलाड़ियों एवं खेल प्रतिभाओं के लिए सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष केदार प्रसाद मीना की अध्यक्षता में हुआ। इसमें खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ओलंपिक संघ के सचिव शिवचरण रावत, मुंशी खान, प्रदीप नागर, इरफान अहमद, चंदरेश शर्मा, अब्दुल रसीद तथा प्रभारी खेल अधिकारी कजोड़मल नरानिया सहित खिलाड़ी मौजूद रहे। खेल दिवस पर फुटबॉल मैच कराया गया राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मान क्लब में मैत्री फुटबॉल मैच भी आयोजित किए गए। खिलाड़ियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। इस अवसर पर खेल विभाग से लक्ष्मीनारायण मौना, सूबे सिंह गुर्जर एवं राकेश गुर्जर सहित वरिष्ठ खिलाड़ी मौजूद रहे। जिला ओलंपिक संघ की साधारण सभा में खेलों पर चर्चा प्रभारी खेल अधिकारी कजोड़मल नरानिया ने बताया कि कार्यक्रम से पहले जिला ओलंपिक संघ की साधारण सभा आयोजित की गई। सभा में जिले में खेलों के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा खेल मैदानों की स्थिति पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि राजेश पायलट स्टेडियम में ग्रासिंग फुटबॉल मैदान विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके साथ ही मैदान में आवश्यक मिट्टी भराव सहित निर्माण कार्य कराने का प्रस्ताव भी कलेक्टर के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया। खेल मंत्री से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल खेल संबंधी विषयों को लेकर जिला ओलंपिक संघ के प्रतिनिधिमंडल द्वारा खेल मंत्री से मुलाकात करने का भी निर्णय लिया गया। प्रतिनिधिमंडल खेलों के विकास, खिलाड़ियों की सुविधाओं और खेल मैदानों से जुड़े विषयों को खेल मंत्री के सामने रखेगा।
