रक्षाबंधन को लेकर गुरुवार को पाली शहर के एसपी ऑफिस परिसर में ‘रक्षा का वचन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें एसपी मोनिका सैन स्कूली बच्चों से आत्मीयता से मिलीं। बालिकाओं ने उन्हें राखी बांधी और एसपी ने बच्चों का मुंह मीठा करवाया। एसपी मोनिका सैन ने बच्चों से कहा कि पुलिस अधिकारियों का काम उनकी रक्षा करना है, इसलिए उन्हें पुलिस से डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि बच्चे बेझिझक पुलिस अधिकारियों के पास आएं, बात करें और किसी तरह की समस्या होने पर उसे बताएं। एसपी की बात सुनकर स्टूडेंट्स के चेहरों पर मुस्कान के साथ आत्मविश्वास भी नजर आया। प्रियंका ने एसपी से मांगा ऑटोग्राफ कार्यक्रम के दौरान 10वीं कक्षा की छात्रा प्रियंका ने अपनी नोटबुक निकाली और एसपी मोनिका सैन से कहा- ‘एसपी मैडम, आप मेरी नोटबुक में साइन कर दीजिए। मुझे अच्छा लगेगा।’ एसपी ने मुस्कुराते हुए प्रियंका की नोटबुक में उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए संदेश लिखा और साइन किए। प्रियंका ने इसके लिए एसपी को धन्यवाद दिया और कहा कि वह नोटबुक को संभालकर रखेगी। एसपी का संदेश उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। यह सुनकर एसपी भी मुस्कुरा दीं। पुलिस अधिकारियों को भी बांधा रक्षा सूत्र कार्यक्रम में बच्चों ने ASP जयसिंह तंवर, ASP महिला अनुसंधान सेल सुनील के. पंवार, CO सिटी मंगलेश चुंडावत, CO ग्रामीण अमरसिंह रत्नू, कोतवाल रविंद्र सिंह खिंची सहित बालिका पेट्रोलिंग टीम में शामिल महिला पुलिसकर्मियों के हाथों पर भी रक्षा सूत्र बांधे।
