झुंझुनूं जिले की 19 नगर निकायों में नगरीय निकाय चुनाव-2026 के लिए गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन 35 अभ्यर्थियों ने कुल 42 नामांकन पत्र दाखिल किए। उदयपुरवाटी में सबसे ज्यादा 12 अभ्यर्थियों ने 18 पर्चे भरे, जबकि चिड़ावा में 11 और खेतड़ी में 5 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया। वहीं झुंझुनूं नगर परिषद में सिर्फ एक नामांकन हुआ, जबकि जिले की 10 निकायों में पहले दिन एक भी पर्चा दाखिल नहीं हुआ। उदयपुरवाटी में 12 अभ्यर्थियों ने भरे 18 पर्चे जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरुण गर्ग ने बताया – उदयपुरवाटी में पहले दिन सबसे ज्यादा 12 अभ्यर्थियों ने 18 नामांकन पत्र दाखिल किए। चिड़ावा नगरपालिका में 11 अभ्यर्थियों ने 11, खेतड़ी में 5 अभ्यर्थियों ने 5 और डूंडलोद में 2 अभ्यर्थियों ने 2 नामांकन पत्र जमा किए। झुंझुनूं नगर परिषद में सिर्फ एक नामांकन झुंझुनूं नगर परिषद में पहले दिन केवल एक अभ्यर्थी ने एक नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके अलावा सुल्ताना में एक अभ्यर्थी ने दो नामांकन पत्र, सिंघाना में एक अभ्यर्थी ने एक, नवलगढ़ में एक अभ्यर्थी ने एक और मलसीसर में एक अभ्यर्थी ने एक नामांकन पत्र जमा कराया। इन 10 निकायों में नहीं आया कोई पर्चा पहले दिन बगड़, मंड्रेला, पिलानी, विद्याविहार, सूरजगढ़, बुहाना, जाखल, मुकुंदगढ़, मंडावा और बिसाऊ में किसी भी अभ्यर्थी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। नामांकन के साथ तेज होगी चुनावी सरगर्मी नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही जिले में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। आने वाले दिनों में राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशियों और निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने की संभावना है। नामांकन के अंतिम दिनों में अधिकांश निकायों में बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के पर्चे दाखिल होने की उम्मीद है।
