टोंक जिले के पीतावास गांव में बुधवार की शाम कचरा डालने की बात को लेकर पड़ोसियों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़कर खूनी संघर्ष में बदल गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के बुजुर्ग पर लाठी- डंडों से हमला किया, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि 5 लोग घायल हो गए। घटना शाम करीब 7 बजे हुई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और एहतियात के तौर पर पुलिस फोर्स तैनात की गई है। घर के बाहर कचरा जमा होने पर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, बुधवार को पंचायत प्रशासन की ओर से बरोनी थाना क्षेत्र के पीतावास गांव में सफाई अभियान चलाया गया था। सफाई के बाद निकला कचरा एक पक्ष के घर के बाहर जमा रह गया। इसी बात को लेकर घर के मालिक हीरा लाल गुर्जर(62) ने नाराजगी जताई। पड़ोस में रहने वाले दूसरे पक्ष पर गंदगी फैलाने का आरोप लगाया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में लाठी- डंडों से मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों से घायल हुए लोग
संघर्ष में हीरालाल के अलावा बेटा रामकुंवर और भतीजा महावीर घायल हो गया। वहीं पड़ोस में रहने वाले दूसरे पक्ष से राजाराम(50), पाना देवी और नीरू भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का सआदत अस्पताल में इलाज जारी है। सूचना मिलते ही बरोनी थानाधिकारी जयमल सिंह राठौड़ और पीपलू सीओ विनोद कुमार भी हॉस्पिटल पहुंचे और जानकारी ली। मृतक हीरालाल के शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पोस्टमॉर्टम गुरुवार की सुबह होगा। बरोनी थानाधिकारी जयमल सिंह राठौड़ ने बताया कि मामले में 6 से 7 लोगों को डिटेन किया गया है। फिलहाल जांच जारी है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। दोनों पक्षों के परिवार किसान है।
