उदयपुर में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान पटाखा फोड़ते वक्त युवक की मौत हो गई। युवक मिनी स्टील गन में आलू बम नाम का पटाखा रखकर फोड़ रहा था। तभी गन का ढक्कन खुलकर तेजी से युवक की गर्दन पर लगा। युवक घायल होकर जमीन पर गिर गया। परिजन और समाज के लोग उसे तुरंत एमबी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना बुधवार दोपहर 1 बजे खेमपुरा चौराहा की है। मृतक मोहम्मद सलमान (22) पुत्र मोहम्मद अनवर रेलवे कॉलोनी का रहने वाला था। सूचना पर प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। ASI सूरजमल मीणा ने बताया- पटाखे चलाते समय हुए हादसे में युवक की गर्दन पर गंभीर चोट लगी। उसकी श्वास नली और भोजन नली फट गई, जिससे काफी खून बह गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गर्दन पर गहरी चोट लगने से मौत जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे खेमपुरा से ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला जा रहा था। जो अंजुमन चौक से निकलने वाले मुख्य जुलूस में शामिल होना था। मृतक के छोटे भाई सोहेल ने बताया कि भाई सलमान जुलूस में शामिल हुआ था। वह स्टील गन में पटाखे भरकर फोड़ रहा था। खेमपुरा चौराहा पर पटाखे फोड़ते वक्त अचानक गन के पीछे का ढक्कन टूटते हुए तेजी से सीधा उसकी गर्दन पर जा लगा। गर्दन में गहरा घाव होने से सलमान तुरंत अचेत होकर गिर गया। सोहेल ने बताया कि सलमान टेम्पो चलाता था। 5 भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इनपुट: चेतन व्यास, गिर्वा
