श्रीगंगानगर पुलिस ने 3 साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी अफीम तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मनफूल उर्फ मनू को महाराष्ट्र के जलगांव जिले से पकड़ा गया है। एसपी हरी शंकर ने बताया- लंबे समय से फरार और वांछित इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। एसपी दीपक शर्मा, सीओ सिटी विष्णु खत्री के सुपरविजन तथा थानाधिकारी सुभाष चन्द्र के निर्देशन में थाना सदर की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने प्रकरण संख्या 402/2023, धारा 8/18, 29 एनडीपीएस एक्ट में फरार आरोपी मनफूल उर्फ मनू (26) निवासी छितरबेरा तेजानियों की ढाणी (जोधपुर) को गिरफ्तार किया है। जिसकी गिरफ्तारी पर एसपी श्रीगंगानगर ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पहले टीम ने उसके दर्ज पते भोजासर पर दबिश दी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद लोकेशन ट्रेस करने से पता चला कि आरोपी महाराष्ट्र के जलगांव जिले के चालीसगांव तहसील के गांव मेहुणबारे में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम महाराष्ट्र पहुंचकर तलाश में जुट गई। आरोपी लगातार अपनी पहचान और ठिकाना छिपा रहा था, इसलिए टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर पैदल घूमकर आम लोगों से पूछताछ की। तलाश के दौरान पता चला कि आरोपी भारत गैस से संबंधित काम कर रहा है। इसके बाद टीम ने तकनीकी कौशल का इस्तेमाल करते हुए आरोपी से भारत गैस का ग्राहक बनकर संपर्क किया। पहचान और ठिकाने की पुष्टि होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई में हैड कॉन्स्टेबल सत्यनारायण और कॉन्स्टेबल रोहिताष की विशेष भूमिका रही है।