दौसा जिले में पांच दिवसीय दीपोत्सव का त्यौहार बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। दिनभर बाजारों में लोगों की भीड़ रही। जिला मुख्यालय के प्रमुख बाजारों में त्यौहार से जुड़ी सामग्री खरीदने के लिए बड़ी तादात में लोगों की आवाजाही बनी रही। इससे शहर के लालसोट रोड और नया कटला क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। हालांकि यातायात पुलिस के साथ अतिरिक्त जाप्ता भी तैनात रहा सुरक्षा के लिहाज से भी जगह-जगह पुलिस का जाप्ता तैनात रहा। शाम होते ही बाजारों से लोगों की भीड़ छटने लगी। साढ़े 3 बजे से लक्ष्मी पूजन का मुहूर्त शुरू होने के साथ ही दुकानों और प्रतिष्ठानों में पूजा-अर्चना का दौर शुरू हुआ। मंदिरों में भी दर्शनार्थियों की भीड़ देखी गई। रामा-श्यामा के लिए पैदल निकले विधायक बांदीकुई में विधायक भागचंद टांकड़ा दीपावली की रामा-श्यामा के लिए शहर में पैदल ही निकले। उन्होंने लोकल फोर वोकल के तहत खरीददारी भी की। इस दौरान विधायक एक मिठाई की दुकान पर पहुंचे तो वहां जलेबी बनती देख जलेबी बनाने लगे। सिकराय में विधायक विक्रम बंशीवाल ने फार्म हाउस पर कार्यकर्ताओं और आमजन के साथ दीपावली की बधाई शुभकामनाओं का दौर चला। विधायक ने कहा त्योहार पर सभी लोग मीठे बोल के साथ प्यार, प्रेम, भाईचारे के साथ त्यौहार मनाते हुए एक-दूसरे की खुशियों में शामिल हों।
