दीपावली की रौनक ने श्रीगंगानगर को रोशनी और उत्साह से सराबोर कर दिया है। शहर के बाजार रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगा रहे हैं, तो घर-मंदिर दीयों की रोशनी से सजे हैं। जिलेभर में आतिशबाजी और पटाखों की गूंज सुनाई दे रही है। इस बीच, एसपी अमृता दुहन ने पुलिस जाब्ते के साथ गोल बाजार का दौरा किया और बच्चों व पुलिसकर्मियों के साथ मिठाई बांटकर उत्सव की खुशी को दोगुना किया। लोग अपने घरों, दुकानों और ऑफिसों में परिवार-दोस्तों के साथ विधि-विधान से लक्ष्मी पूजन कर रहे हैं। मिठाइयों का आदान-प्रदान और शुभकामनाओं के साथ दीपावली की खुशियां बांटी जा रही हैं। घरों में रंग-बिरंगी लाइटिंग और फूलों की सजावट ने रौनक को और बढ़ा दिया है। बाजारों में दीपावली की सजावट देखने के लिए परिवारों का आना शुरू हो गया है। लोग अलग-अलग थीम वाली लाइटिंग को मोबाइल कैमरे में कैद कर रहे हैं और सेल्फी लेकर इस पल को यादगार बना रहे हैं। श्रीगंगानगर में दीपावली का उत्साह चरम पर है, जो शहर को रोशनी और खुशियों से भर रहा है। फोटोज में देखिए… श्रीगंगानगर की दीपावली