स्वर्णनगरी जैसलमेर दीपावली पर सोने की तरह चमकी। नगरपरिषद ने पूरे शहर को रोशनी से जगमग कर दिया। सोनार फोर्ट से लेकर शहर के मुख्य चौराहों, पार्कों, डिवाइडरों और सरकारी इमारतों तक आकर्षक LED लाइटों से सजावट की गई है, शाम ढलते ही पूरा शहर झिलमिल रोशनी से जगमग हो गया। जैसलमेर की पहचान सोनार किला पर कलरफुल लाइटिंग की गई। किले के आसपास की गलियां और चौक भी दीपमालाओं से सजे रहे। शहर के प्रमुख सर्किल हनुमान सर्किल, विजय स्तंभ, व्यास सर्किल, गीता आश्रम सर्किल, एयरफोर्स सर्किल और गड़ीसर सर्किल पर रंगीन लाइटों की आकर्षक झिलमिलाहट ने लोगों को आकर्षित किया। रात होते ही सड़कों पर दिखी भीड़
खूबसूरत लाइटिंग से जगमग शहर की सड़कों पर रात को शहरवासियों के साथ पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। बच्चे और युवाओं ने आतिशबाजी का आनंद लिया, तो परिवार मंदिरों और बाजारों में दीप प्रज्ज्वलित कर एक-दूसरे को बधाइयां देते दिखे। मुख्य बाजारों में मिठाई और सजावटी सामान की दुकानों पर भी दिनभर रौनक रही। एनर्जी सेविंग लाइट्स लगाई गई
नगर परिषद कमिश्नर लजपाल सिंह ने बताया- इस बार शहर को सजाने के लिए विशेष रूप से एनर्जी-सेविंग LED लाइटों का इस्तेमाल किया गया। इनसे न सिर्फ आकर्षक सजावट हुई, बल्कि बिजली की बचत भी हुई। कई स्थानीय संस्थाओं और व्यापारिक संगठनों ने भी दीपावली की सजावट कर शहर को चमकाने में सहयोग दिया। देर रात तक हुई आतिशबाजी
सोमवार रात शहर के विभिन्न इलाकों में लक्ष्मी पूजन के बाद आतिशबाजी का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। आसमान में रंग-बिरंगी आतिशबाजी की चमक और शहर में फैली रोशनी ने जैसलमेर की दीपावली को और भी यादगार बना दिया, जिसे शहरवासियों ने फोन में खूबसूरत पलों के रूप में कैद किया। देखिए… जैसलमेर में दीपावली पर लाइटिंग की PHOTOS
