लुधियाना के गांव भामियां की जीटीबी कॉलोनी में रविवार को 38 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मामले में जमालपुर थाना पुलिस ने महिला के भाई की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। 14 साल पहले हुई थी शादी, 12 साल का बेटा
मृतका के भाई अजीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन की शादी करीब 14 साल पहले आरोपी से हुई थी। दोनों का 12 साल का बेटा भी है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसे उसके जीजा का फोन आया। फोन पर बताया गया कि उसकी बहन अचानक बेहोश हो गई है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। इसके बाद वह तुरंत बहन के घर पहुंचा। घर पहुंचने पर मृत मिली बहन
भाई ने आरोप लगाया कि जब वह घर पहुंचा तो उसकी बहन हरप्रीत की मौत हो चुकी थी। उसने बताया कि महिला के मुंह से झाग निकल रहा था और उसके शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे थे। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि उसके पति और ससुराल के अन्य सदस्यों ने उसकी बहन को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ दिया, जिससे उसकी मौत हुई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पति के खिलाफ BNS की धारा 108 में FIR
जमालपुर थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर प्रमोद राज ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा तलाश की जा रही है। पुलिस जांच के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा।