करौली में नाबालिग से रेप के मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 18 अक्टूबर को मामचारी थाना क्षेत्र में सामने आई थी। पीड़िता के परिजनों ने थाने में रेप और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, नाबालिग जंगल में बकरियां चराने गई थी, तभी आरोपी ने उसके साथ रेप किया और मारपीट कर उसे घायल कर दिया। कैला देवी पुलिस उपाधीक्षक मीना मीणा ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। आरोपी घटना के बाद पहाड़ी क्षेत्र में छिप गया था। टीम ने रातभर तलाशी अभियान चलाया और 19 अक्टूबर की सुबह पुलिस ने पहाड़ियों से आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में उसने वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस त्वरित कार्रवाई में मामचारी और कैलादेवी थाना के अधिकारी व जवान संयुक्त रूप से शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि जिले में गंभीर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष अभियान जारी है।