अलवर जिले के बड़ौदामेव के ग्राम पंचायत रौनपुर में लगे ग्रामीण सेवा शिविर में शनिवार दोपहर को अफरा-तफरी मच गई। शिविर में काम नहीं होने पर एक युवक ने अचानक लोहे की रॉड उठाकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। युवक ने कुर्सी, टेबल और माइक तोड़ डाले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी विजयपाल चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार युवक अखिलेश चौधरी (32) पुत्र बद्री प्रसाद चौधरी निवासी रौनपुर है। आरोपी के खिलाफ धारा 151 में कार्रवाई की गई है। बाद में ग्राम पंचायत सचिव और विकास अधिकारी ने युवक अखिलेश चौधरी के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कराया है। स्टाफ का वीडियो बना रहा था युवक, अचानक किया हमला
पुलिस ने बताया कि युवक अखिलेश चौधरी शिविर में स्टाफ का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान अचानक उसने लोहे की रॉड से कुर्सियां और मेज तोड़ना शुरू कर दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय पंचायत विकास अधिकारी लेखराज सैनी और उप तहसीलदार छोटेलाल मीणा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। स्टाफ ने तोड़फोड़ का वीडियो भी बना लिया। काम नहीं होने पर बनाया वीडियो
उप तहसीलदार छोटेलाल मीणा ने घटना की जानकारी थानाधिकारी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। युवक अखिलेश ने आरोप लगाया कि शिविर में उसका कोई काम नहीं हुआ। इसलिए उसने वीडियो बनाना शुरू किया था। शिविर पंचायत समिति गोविंदगढ़ के विकास अधिकारी लेखराज सैनी की देखरेख में ग्राम पंचायत सरपंच और ग्राम विकास अधिकारी की ओर से आयोजित किया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
