जयपुर में रविवार रात सिर फोड़कर एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक अपने दोस्त के साथ शराब पार्टी कर ठेकेदार से रुपए मांगने गया था। लेन-देन के विवाद में सरिए से हमला कर हत्या कर दी गई। मुहाना थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। SHO (मुहाना) मुकेश खरड़िया ने बताया- सीकर के नीमकाथाना निवासी सचिन वर्मा (25) की हत्या हुई है। सचिन महाराष्ट्र में टाइल्स लगाने का काम करता था। वह रिंग रोड मुहाना में रहने वाले अपने दोस्त ऐपी के पास रविवार को आया था। देर शाम सचिन ने ऐपी के साथ मिलकर घर पर शराब पार्टी की। बातचीत के दौरान ऐपी ने सचिन को बताया- ठेकेदार बुधराम (25) टाइल्स लगाई का पेमेंट नहीं दे रहा है। सचिन व ऐपी दोनों शराब पार्टी कर रात करीब 11 बजे घर के पास रहने वाले ठेकेदार बुधराम के पास पहुंचे। सरिए से मारने पर हुआ निढाल रुपयों के लेन-देन के विवाद के चलते झगड़ा करने लगा। कहासुनी के दौरान सचिन ने ठेकेदार बुधराम के साथ मारपीट कर दी। झगड़ा होते देखकर मौके पर मौजूद बुधराम के दोनों भतीजों ने हमला कर दिया। भतीजे किशन (20) ने सरिए से सचिन के सिर पर वार कर दिया। सिर फूटने पर निढाल होकर लहूलुहान हालत में सचिन जमीन पर गिर पड़ा। ये देखकर उसका साथी ऐपी मौके से भाग निकला। महाराष्ट्र लौटना था वापस सचिन कुमार महाराष्ट्र में टाइल लगाने का काम करता था। वह एक महीने से अपने गांव सीकर आया हआ था। रविवार सुबह वापस महाराष्ट्र जाने के लिए रवाना हुआ था। जयपुर से महाराष्ट्र जाने के लिए ट्रेन में बैठना था। ट्रेन निकल जाने के कारण वह महाराष्ट्र नहीं जा सका। वह जयपुर में ही अपने दोस्त हैप्पी के पास आकर रुक गया। झगड़ा होने पर बुधराम ने अपने भतीजे कृष्ण और एक नाबालिग के साथ मिलकर लाठी-सरियों से मारपीट कर हत्या कर दी। झगड़े की सूचना पर मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर हालत में सचिन को महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टर्स ने चेकअप के बाद सचिन को मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने आरोपी ठेकेदार बुधराम और कृष्ण को गिरफ्तार कर लिया। मामले में हेड कॉन्स्टेबल कानसिंह की अहम भूमिका रही।
