दीपावली के अवसर पर नमस्ते भारत फाउंडेशन (ट्रस्ट) ने विधाधर नगर की कच्ची बस्ती में असहाय और कमजोर परिवारों के साथ पर्व मनाया। फाउंडेशन ने इन परिवारों तक रोशनी और खुशियां पहुंचाने का संकल्प लिया। संस्थान की टीम ने बस्ती में दीपावली पूजा सामग्री, दीपक, सरसों का तेल, बाती, गणेश-लक्ष्मी की तस्वीरें, मिठाई और कपड़े वितरित किए। इस पहल का उद्देश्य उन घरों में भी उत्सव का माहौल बनाना था जहां अक्सर अभाव रहता है। फाउंडेशन के अध्यक्ष चिरंजी लाल सैनी ने इस अवसर पर कहा, “हम सब अपने घरों को दीपों से सजाते हैं, लेकिन शहर की इन झुग्गियों में आज भी अंधेरे में जिंदगी गुज़र रही है। नमस्ते भारत फाउंडेशन का यही प्रयास है कि हर दीपावली इन घरों में भी खुशियों की लौ जले। यह एक छोटा-सा कदम है, मगर हमारे लिए यह किसी उत्सव से कम नहीं।” राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष राजकुमारी ब्रह्म भट्ट ने इस दौरान कहा, “आज देश का हर नागरिक दीपावली की तैयारियों में जुटा है, लेकिन शायद ही किसी की नज़र उन गरीब परिवारों की ओर जाती है, जो खुद तो कुछ खरीद नहीं सकते, लेकिन दूसरों के लिए दिए बनाते हैं, मिठाई पैक करते हैं। हम जब बड़े होटलों में खाना खाते हैं तो सर्विस करने वाले को खुशी-खुशी टिप दे देते हैं, लेकिन जब किसी गरीब से कुछ खरीदते हैं तो उससे मोलभाव करने लगते हैं। हमारा यह प्रयास उन लोगों के प्रति कृतज्ञता और संवेदना व्यक्त करने की एक छोटी-सी कोशिश है। हमने बस यही चाहा कि उनके घरों में भी एक दीपक जले — उम्मीद का, विश्वास का और आत्मसम्मान का।” इस कार्यक्रम में जयपुर जिला अध्यक्ष जया कंवर, उपाध्यक्ष बजरंग कूलवाल सहित फाउंडेशन के कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने बस्ती में दीप जलाकर बच्चों के साथ मिठाई बांटी और दीपावली की खुशियां साझा कीं।