नागौर में 4 बहनों को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की गई। आरोपी पिता-पुत्र ने चारों बहनों के खेत में रातों-रात पक्का निर्माण कर लिया था। जिसका विरोध करने पर उनपर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर घायल बहनों को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। घटना डेगाना-खाटू हाईवे पर स्थित मिठड़िया गांव की रविवार सुबह 10 बजे की है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मिठड़िया निवासी भंवर लाल और उसके बेटे गजेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है। खेत को लेकर चल रहा विवाद सुमन मेघवाल ने बताया- हम 5 बहनें हैं, भाई नहीं है। 4 बहनों की शादी हो चुकी है। मां बीमार रहती है। हमारे पास 9 बीघा जमीन थी। 2012 में पिता जी ने एक बीघा बेच दी थी। साल 2013 में मेरे पिताजी की मौत हो गई। इसके बाद से जमीन की सीमा को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। हमारी 8 बीघा जमीन के पास ही बेची गई एक बीघा जमीन भी है। साल 2017 में हमारी एक बीघा जमीन को खरीदने वाले ने भूमि कन्वर्जन करवाकर भंवरलाल जाट को बेच दी। जमीन की सीमा को लेकर उससे भी कई बार झगड़ा हुआ। सुमन (31) ने कहा कि शनिवार रात को भंवरलाल ने हमारी जमीन पर पक्का निर्माण कर लिया। सुबह हमें जानकारी मिली तो मैं और मेरी तीन बहनें मस्तु (26), किरण (23) और मोनिका (17) खेत पर पहुंचे। भंवरलाल ने हमारे खेत में सीमेंट की ईंटों के ब्लॉक से पक्का कमरा बना रहा था। करीब 6 फीट की हाईट में निर्माण हो रखा था। हमने उस निर्माण को हटाना शुरू कर दिया। इसी दौरान भंवरलाल का बेटा गजेंद्र वहां आया और हमसे झगड़ा करने लगा। कुछ देर बाद भंवर लाल ट्रैक्टर लेकर आया और हम पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। एक महिला को रेफर किया मौके पर मौजूद लोगों ने घायल चारों बहनों को डेगाना के राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से मस्तु को प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य तीन को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना की सूचना मिलने पर डेगाना पुलिस उप जिला अस्पताल पहुंची। डेगाना थाने के एएसआई चेना राम डिडेल ने बताया-पीड़ित बहनों ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। डेगाना डिप्टी जय प्रकाश बेनीवाल ने बताया-मामला दर्ज कर आरोपियों को 151 में पाबंद कर डेगाना थाना लाया गया है। सुबह एसी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।