जयपुर समेत पूरे राजस्थान में दिवाली की रौनक है। बाजारों में खरीदारी की धूम है। रविवार को रूप चौदस पर महिलाएं सज-धज कर तैयार हुईं। विदेशी महिलाओं ने भी राजस्थानी परिधान पहने और 16 श्रृंगार किया। जयपुर के जौहरी बाजार में अनमोल कलाकृतियों और चांदी के आइटम का आकर्षण है। एक तरफ ग्रीन अवेंचरिन स्टोन से बनी भगवान श्रीकृष्ण की अनमोल मूर्ति है, जिसे बनाने में 10 साल लगे और जिसकी कीमत लगाना मुश्किल है। वहीं दूसरी ओर, 7 किलो चांदी का राम दरबार 15 लाख रुपए में बिक रहा है। चांदी का वेडिंग कार्ड भी आकर्षण का केंद्र है, जिसका वजन सिर्फ 400 ग्राम है। इसे हंस (स्वान) की आकृति में डिजाइन किया गया है। यही नहीं, इस बार लोग सेहत को ध्यान में रखते हुए स्टील की बजाय कांसा के बर्तन खरीदे। बच्चों को लुभाने के लिए ड्रैगन बिल और याहू फंक्शन जैसे अनोखे पटाखे भी बाजार में आए हैं, जो सबका ध्यान खींच रहे हैं। बाजार में तीन-तीन लाख रुपए की ड्रेस भी हैं, जिन पर जरदोजी का काम किया गया है। अब पढ़िए ग्रांउड रिपोर्ट… रूप चौदस पर शादी के लिए खरीदा लहंगा आगामी वेडिंग सीजन में जिन युवतियों की शादी है, वे रूप चौदस पर अपनी शादी के लिए शॉपिंग करती नजर आईं। जयपुर के सांगानेर निवासी करिश्मा चौधरी ने 1 लाख 65 हजार रुपए का तंजौर वर्क का लहंगा खरीदा। यह पूरी तरह से हैंडवर्क जरदोजी से बना है, जिस पर सुनहरे रंग का मोर बना हुआ है। लगभग 5 किलो वजन का यह लहंगा खासतौर पर दुल्हन के लिए तैयार किया गया है। करिश्मा ने बताया कि नवंबर में देवउठनी एकादशी पर मेरी शादी होने वाली है। रूप चौदस पर मेरे ससुराल से कपड़े, ज्वेलरी और मेकअप का सामान आया है। वहीं, प्रतिमा जांगिड़ और महिमा शर्मा भी अपनी शादी के लिए लाल रंग का लहंगा खरीदती नजर आईं। रूप चौदस पर शहर के ब्यूटी सैलून और मेकअप स्टूडियो में भी महिलाओं की खासी भीड़ रही। हेयर स्पा, स्किन ट्रीटमेंट और नेल आर्ट जैसे पैकेजों की खूब मांग रही। ब्यूटी एक्सपट्र्स ने बताया कि इस दिन महिलाएं खुद को नया लुक देना पसंद करती हैं। पार्लर में ज्वेलरी और आउटफिट के साथ पूरा लुक ट्राई करती हैं। विदेशी महिलाओं ने राजस्थानी अंदाज में किया श्रृंगार धार्मिक नगरी पुष्कर (अजमेर) में विदेशी महिलाओं ने राजस्थानी अंदाज में अपना श्रृंगार करवाया। जर्मनी और चेक रिपब्लिक से आईं निकोल और सिलिंवगबा ने राजस्थानी परिधानों में सोलह श्रृंगार किया। सिलिंवगबा ने कहा- मैं भारतीय दुल्हन की तरह सजी हूं और मुझे यह बहुत अच्छा लग रहा है। जर्मनी और यहां के कल्चर में काफी अंतर है, लेकिन मुझे यह अनुभव बहुत अच्छा लगा। बच्चों को लुभा रहा ड्रैगन बिल जयपुर में इस बार कई अनोखे पटाखे लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। 2500 रुपए की कीमत वाला ‘क्रिस्टल लट्टू’ लट्टू की तरह घूमकर आतिशबाजी करता है। वहीं रॉकस्टार नाम से 3 स्काई शॉट का पैकेट 5500 रुपए में मिल रहा है, जो मल्टी कलर रोशनी बिखेरता है। 7 मीटर लंबी झालर 1200 रुपए में झील झील नाम से मिल रही है। इस बार डॉलर व्हील नाम के पटाखे भी खूब बिक रहे हैं, जिनके एक पैकेट में पांच पीस हैं और चलने पर डॉलर की तरह आतिशबाजी होती है, जिसकी कीमत 2000 रुपए है। बच्चों को लुभाने के लिए ड्रैगन बिल भी आया है, जो जमीन पर सांप की तरह घूमता है। इसके चार पीस का पैकेट 1200 रुपए में उपलब्ध है। याहू फंक्शन नाम का एक और नया पटाखा बच्चों के लिए आया है, जो जमीन पर घूमता है और कार्टून जैसा दिखता है, जिसके एक पैकेट में पांच पटाखे हैं। इसकी कीमत 1150 रुपए है। इन पटाखों की डिमांड… ‘मेक इन इंडिया’ बर्तनों का क्रेज जयपुर के बाजारों में धातु के ‘मेक इन इंडिया’ बर्तनों का क्रेज है। कांसा, पीतल और तांबे के बर्तनों की मांग पिछले कुछ साल में काफी बढ़ी है। दुकानदारों का कहना है कि कोविड-19 के बाद लोगों में सेहत और पारंपरिक जीवनशैली को लेकर जागरूकता बढ़ी है। कांसा के जग की मांग सबसे ज्यादा रही
दुकानदार विशाल गोयल बताते हैं कि 50 साल पहले घरों में इस्तेमाल होने वाले बर्तन अब फैशन में हैं। लोग सेहत के लिए स्टील और प्लास्टिक की बजाय पारंपरिक बर्तन पसंद कर रहे हैं। इस सीजन में कांसा के जग की मांग सबसे ज्यादा है। 200 करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार होने की उम्मीद
गोयल के मुताबिक, ये सभी बर्तन ‘मेक इन इंडिया’ हैं और हमारे देश के कारीगरों द्वारा बनाए गए हैं। जयपुर में बर्तनों की 1000 से ज्यादा दुकानें हैं। इस सीजन 200 करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार होने की उम्मीद है। ऐसी मूर्ति, जिसे बनाने में कारीगरों को 10 साल लगे
जौहरी बाजार में विश्वनाथ ज्वेलर्स के कनिष्क अग्रवाल ने बताया कि उनके पास ग्रीन अवेंचरिन स्टोन से बनी कृष्ण की एक ऐसी मूर्ति है, जिसे बनाने में कारीगरों को 10 साल लगे। यह मूर्ति सिंगल स्टोन में बनी है। इसकी कोई कीमत नहीं लगाई जा सकती। उनके दादा चंद्र प्रकाश जी भाड़ेवाले श्री कृष्ण भक्त हैं और उन्हें यह मूर्ति उपहार में दी गई थी। ग्राहकों ने इसकी कीमत 50 लाख से ज्यादा लगाई है, लेकिन यह बेचने के लिए नहीं है। जौहरी बाजार में चांदी का राम दरबार
जौहरी बाजार में चांदी से बना राम दरबार भी बेचा जा रहा है, जिसका कुल वजन 7 किलो है। इस पूरे सेट में एक राम दरबार, चांदी की 2 गाय, चांदी के 2 हाथी और एक बड़ा कलश शामिल है। कनिष्क अग्रवाल ने बताया कि इसकी कीमत करीब 15 लाख रुपए है। इस बार लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैं। चांदी महंगी होने के बावजूद लोग अपने घरों में राम दरबार के रूप में इसे खरीद रहे हैं। हंस की आकृति का वेडिंग कार्ड
देवउठनी एकादशी से शादी के सावों की शुरुआत होगी। इसके लिए खास शादी का कार्ड चांदी में तैयार किया गया है। इसका कुल वजन 400 ग्राम है। देखने में यह 5 से 10 किलो का लगता है। इस कार्ड को हंस की आकृति पर दर्शाया गया है। चांदी के फ्रेम में दूल्हा-दुल्हन की फोटो
शादी के कार्ड पर श्री गणेशाय नमः, वर-वधू का नाम (राशि और माहिर) लिखा हुआ है। 22 नवंबर को गणेश श्याम रिसॉर्ट बीकानेर में होने वाली शादी के लिए यह कार्ड बनाया गया है। इसके नीचे वर-वधू की फोटो भी चांदी के फ्रेम में लगाई गई है। कनिष्क अग्रवाल ने बताया कि यह पूरे जयपुर शहर में सिर्फ चौथा ऐसा पीस है। जो शादी के अनोखे कार्ड के रूप में बेचा गया है और इसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए है। जयपुर में 3 लाख की ड्रेस बनीं आकर्षण का केंद्र
जयपुर के फैशन डिजाइनर हनीत सिंह ने 3 लाख रुपए की कई खास ड्रेसेस बनाई हैं। इसमें मेरोडी टांके के साथ जरदोजी का काम किया गया है, जो पहले के जमाने में काफी प्रचलित था, लेकिन अब विलुप्त हो गया है। हनीत सिंह का कहना है कि उनका काम जयपुर की आर्ट को निखारना और उसमें मॉडर्न टच देना है। उन्होंने वेडिंग को लेकर भी कुछ एक्सपेरिमेंट किए हैं। रेशम के साथ जरदोजी और मिक्स फ्यूजन को यूज किया है। यहां के डिजाइनर्स और बुटीक मालिकों को इस बार 1500 से 2000 करोड़ रुपए तक के कारोबार की उम्मीद है। शुगर-फ्री और ड्राई फ्रूट्स की मिठाइयां कर रहे पसंद
जयपुर के बाजारों में इस बार पारंपरिक मावे की मिठाइयों की जगह ड्राई फ्रूट्स और चॉकलेट बेस्ड मिठाइयों का जलवा देखने को मिल रहा है। हेल्दी और शुगर-फ्री मिठाई की मांग तेजी से बढ़ रही है। रावत मिष्ठान भंडार की डायरेक्टर आज्ञा देवड़ा ने बताया- इस बार लोगों का रुझान बदल गया है। मावे में पिछले कुछ समय से गुणवत्ता की समस्या आ रही थी, इसलिए हमने मावे की मिठाइयों को सीमित कर दिया है। अब काजू, पिस्ता, बादाम और डेट्स (खजूर) बेस्ड मिठाइयों पर ज्यादा काम कर रहे हैं। बच्चे और उनके पेरेंट्स हेल्थ को लेकर जागरूक हो गए हैं, इसलिए शुगर-फ्री और ड्राई फ्रूट्स वाली मिठाइयां खूब पसंद की जा रही हैं। आज्ञा देवड़ा के अनुसार, इस साल दीपावली के साथ ही भाई दूज को ध्यान में रखते हुए मिठाइयों में कई नए एक्सपेरिमेंट किए गए हैं। अलग तरह की मिठाइयां बनाई गई हैं। इनमें चोको चिप लड्डू, वाइट चॉको चिप स्वीट्स, स्ट्रॉबेरी शेप वाली चॉकलेट मिठाई, खजूर में पिस्ता और बादाम की फिलिंग वाली मिठाई खास हैं। इस सीजन करीब 150 तरह की मिठाइयां तैयार की गई हैं। सबसे महंगी मिठाइयों में डेट्स, पिस्ता लाउंज और बादाम लाउंज शामिल हैं। अगर ये मिठाइयां गोल्ड वर्क में चाहिए तो कीमत लगभग 5000 रुपए प्रति किलो तक जाती है, जबकि सिल्वर वर्क में यह 4000 रुपए प्रति किलो के आसपास रहती है। जयपुर के मिठाई बाजार का कुल आकार इस बार 250 से 300 करोड़ रुपए तक पहुंचने का अनुमान है। व्यापारी मान रहे हैं कि इस बार हेल्दी और प्रीमियम क्वालिटी मिठाइयों की बिक्री में रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। ———- दिवाली से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए…. दीपावली पर जगमगा उठा जयपुर, देखिए ड्रोन VIDEO:जौहरी बाजार में डमी हवामहल, तोरण द्वार बनाया, ज्वैलर ने मिरर स्वान बनाया राजधानी जयपुर इन दिनों दीपोत्सव की रोशनी से जगमगा रही है। परकोटे से लेकर शहर के बाहरी इलाकों की जगमगाहट देखते ही बनती है। इस बार जौहरी बाजार में ऐतिहासिक हवामहल की हूबहू प्रतिकृति लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है। बड़ी चौपड़ पर जवाहर सर्किल के तोरण द्वार की भव्य सजावट आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पढ़ें पूरी खबर
